रबूपुरा थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर बदमाशों ने फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हुए जबकि तीन को घेराबंदी कर दबोच लिया गया। मौके से अवैध हथियार और गौवध से जुड़े उपकरण बरामद हुए।
दिनांक 27/28 फरवरी 2026 की रात थाना रबूपुरा पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात का सन्नाटा उस समय टूट गया जब रोनिजा कट पर सामने से आ रहे एक ऑटो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही ऑटो चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की।
शक गहराने पर पुलिस टीम ने ऑटो का पीछा किया। कुछ ही दूरी पर खुद को घिरता देख ऑटो में सवार बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान सैयद अमीन (35 वर्ष), निवासी झुग्गी शाहीनबाग श्रम विहार ओखला, नई दिल्ली और गोरामिया (32 वर्ष), निवासी झुग्गी चांदनी मोड, नूंह, हरियाणा के रूप में हुई है।

घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में मुन्सर कमाल (24 वर्ष), मौ. बिलाल (23 वर्ष) निवासी नूंह, हरियाणा और पुष्पेन्द्र कुमार (24 वर्ष) निवासी मदनपुर खादर जेजे कॉलोनी, दिल्ली शामिल हैं।
अवैध हथियार और गौवध उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 अवैध तमंचे .315 बोर, 02 खोखा कारतूस और 02 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा ऑटो (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 16 डीटी 6087) से गौवध के लिए रखे गए उपकरण भी बरामद हुए।
बरामद सामान में 02 चाकू, 04 सिरिंज, 04 इंजेक्शन की शीशियां, 02 आरी ब्लेड सहित, 01 वेल्ड किया हुआ नुकीला लोहे का सरिया, 02 मोहरे, 01 रस्सी का टुकड़ा और 04 खाली प्लास्टिक के कट्टे शामिल हैं।

पहले से दर्ज था गौवध का मुकदमा
गौरतलब है कि दिनांक 26 फरवरी 2026 को थाना रबूपुरा क्षेत्र में गौवंश बरामद होने के मामले में मुकदमा संख्या 39/2026 धारा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गौवध निवारण अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में ये सभी आरोपी वांछित चल रहे थे।
पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
COMMENTS