नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान गूगल के CEO सुंदर पिचाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 16 से 20 फरवरी तक चल रहे इस पांच दिवसीय सम्मेलन में 600 से अधिक स्टार्टअप और 13 देशों की भागीदारी दर्ज की गई है।
देश की राजधानी नई दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026 के दौरान बुधवार (18 फरवरी) को Sundar Pichai ने प्रधानमंत्री Narendra Modi से मुलाकात की। यह मुलाकात राजधानी के प्रतिष्ठित भारत मंडपम में आयोजित समिट के बीच हुई, जहां दुनियाभर के शीर्ष टेक लीडर्स और नीति-निर्माता मौजूद हैं।

सूत्रों के मुताबिक, पिचाई 20 फरवरी को समिट को संबोधित करेंगे। मुलाकात से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर भारत वापसी पर खुशी जताई और कहा कि एआई इंपैक्ट समिट में शामिल होकर अच्छा लग रहा है तथा भारत में हमेशा की तरह गर्मजोशी से स्वागत हुआ। बैठक के दौरान गूगल के वरिष्ठ प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इनोवेशन तथा भारत में टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

इंडिया AI इंपैक्ट समिट 2026, 16 से 20 फरवरी तक चलने वाला पांच दिवसीय सम्मेलन है। इसे ग्लोबल साउथ का पहला AI समिट माना जा रहा है और वैश्विक स्तर पर यह चौथा सबसे बड़ा AI शिखर सम्मेलन है। प्रधानमंत्री मोदी ने मंगलवार को कहा कि “इंडिया AI इंपैक्ट एक्सपो 2026 विचारों, इनोवेशन और इरादों का शक्तिशाली संगम है।”

उन्होंने सोमवार को ‘इंडिया AI इंपैक्ट एक्सपो’ का उद्घाटन किया, जिसमें 600 से अधिक हाई-पोटेंशियल स्टार्टअप और 13 देशों के पवेलियन शामिल हैं।
यह समिट भारत को वैश्विक AI नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ाने वाला अहम मंच माना जा रहा है।
COMMENTS