नई दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के विरोध में हंगामा किया। पुलिस ने पांच प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने पहुंचाया और कानूनी कार्रवाई की तैयारी शुरू की।
नई दिल्ली स्थित Bharat Mandapam में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब इंडियन यूथ कांग्रेस के 20 से 30 कार्यकर्ताओं ने भारत-अमेरिका अंतरिम ट्रेड डील के विरोध में अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने अलग-अलग पवेलियन में जाकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री Narendra Modi के खिलाफ शर्ट उतारकर विरोध जताया। इस घटनाक्रम से समिट में मौजूद प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच हलचल बढ़ गई।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर तैनात दिल्ली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को एहतियातन हिरासत में लिया और उन्हें तिलक मार्ग थाने ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, अब तक पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
दिल्ली पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रदर्शनकारी समिट स्थल के भीतर पास के जरिए दाखिल हुए थे या क्यूआर कोड स्कैन कर प्रवेश किया था। सुरक्षा एजेंसियां इस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि सुरक्षा में कहीं चूक तो नहीं हुई।

प्रदर्शन की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए यूथ कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल से लिखा गया कि, “जब विदेश नीति में झुकाव, कॉरपोरेट दबाव और चुप्पी हावी हो तो साफ है— पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड हैं। देश की अस्मिता से कोई समझौता नहीं! इंकलाब जिंदाबाद।”
वहीं, इस घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बीजेपी आईटी सेल के प्रमुख Amit Malviya ने इसे शर्मनाक बताते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश की छवि को धूमिल करना गलत है। उन्होंने कहा कि भारत इससे बेहतर का हकदार है।
इस पूरे विवाद के बीच भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर भी महत्वपूर्ण प्रगति की जानकारी सामने आई है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री Piyush Goyal ने बताया कि भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट मार्च में साइन हो सकता है और अप्रैल में लागू होने की संभावना है।

उन्होंने यह भी कहा कि यूके और ओमान के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट अप्रैल में लागू हो सकते हैं, जबकि न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर तक लागू होने की उम्मीद है। अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के लीगल टेक्स्ट को अंतिम रूप देने के लिए भारतीय और अमेरिकी अधिकारियों के बीच 23 फरवरी से अमेरिका में तीन दिन की बैठक शुरू होगी।
इस महीने की शुरुआत में भारत और अमेरिका ने संयुक्त बयान जारी कर अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट के लिए फ्रेमवर्क फाइनल होने की पुष्टि भी की थी।
एआई समिट के मंच पर हुए इस सियासी विरोध ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या वैश्विक मंचों पर घरेलू राजनीतिक असहमति का प्रदर्शन कूटनीतिक छवि को प्रभावित कर सकता है।
COMMENTS