भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुने जाने से पहले नितिन नबीन ने दिल्ली के प्रमुख धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर एकता और आस्था का संदेश दिया।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक निर्वाचन की घोषणा से पूर्व श्री नितिन नबीन ने सोमवार प्रातः नई दिल्ली स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके इस धार्मिक भ्रमण को संगठनात्मक जिम्मेदारी से पहले आध्यात्मिक संकल्प और सर्वधर्म समभाव के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

श्री नितिन नबीन के साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र सचदेवा, दिल्ली सरकार के मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा तथा भाजपा के राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रमुख श्री संजय मयूख भी उपस्थित रहे। सबसे पहले सभी नेताओं ने झंडेवालान स्थित शक्ति की देवी माता झंडेवाली के मंदिर में दर्शन कर प्रार्थना की। इसके पश्चात मंदिर मार्ग स्थित श्री बाल्मीकि मंदिर, बाबा खडग सिंह मार्ग स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर और अंत में श्री गुरुद्वारा बंगला साहिब जाकर मत्था टेका।

गौरतलब है कि रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया संपन्न हुई थी। जांच के उपरांत निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि श्री नितिन नबीन के अतिरिक्त किसी अन्य नेता ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया। इसके चलते उनका अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय माना जा रहा है।

आज कुछ ही देर में श्री नितिन नबीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन का यह धार्मिक दौरा संगठन को एकजुट रखने, सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए सकारात्मक शुरुआत का प्रतीक माना जा रहा है।
COMMENTS