बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव में BNP ने बड़ी जीत दर्ज की। पीएम नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई दी और द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने की बात कही।
बांग्लादेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 13वें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) ने बंपर जीत का दावा किया है। पार्टी नेता तारिक रहमान ने इसे जनता के भरोसे की जीत बताया है।
भारत की ओर से भी इस परिणाम पर सकारात्मक प्रतिक्रिया आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारिक रहमान को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत उनके नेतृत्व पर बांग्लादेश की जनता के विश्वास को दर्शाती है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत हमेशा एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और सबको साथ लेकर चलने वाले बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि वह तारिक रहमान के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश संबंधों को और मजबूत करने तथा साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।

तारिक रहमान, पूर्व प्रधानमंत्री बेगम खालिदा जिया के बेटे हैं। उन्होंने 9 जनवरी को अपनी मां के निधन के कुछ समय बाद पार्टी की कमान संभाली थी। इस चुनाव में उन्होंने दो सीटों—ढाका-17 और बोगुरा-6—से जीत हासिल की है।
यह चुनाव 2024 के बड़े आंदोलन के बाद 12 फरवरी को आयोजित हुआ और इसे बांग्लादेश की राजनीति के लिए अहम माना जा रहा है। चुनाव अंतरिम सरकार के प्रमुख सलाहकार मोहम्मद यूनुस की निगरानी में कराए गए। मतदाताओं ने दो वोट डाले—एक नई संसद के लिए और दूसरा संविधान में प्रस्तावित बदलाव ‘जुलाई चार्टर’ पर।
वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना, जो इस समय देश से बाहर हैं, ने चुनाव को ‘सिर्फ एक दिखावा’ बताया है। उनकी पार्टी अवामी लीग को चुनाव में हिस्सा लेने की अनुमति नहीं मिली।
COMMENTS