भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील अब अंतिम चरण में है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने लोकसभा में साझा बयान और साइनिंग को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय व्यापार समझौते (Bilateral Trade Agreement – BTA) को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत और अमेरिका अगले चार से पांच दिनों के भीतर ट्रेड डील पर एक संयुक्त बयान (Joint Statement) जारी कर सकते हैं। इसके साथ ही ट्रेड डील के पहले चरण का कानूनी मसौदा मार्च के मध्य तक अंतिम रूप लेने की संभावना है।
लोकसभा में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए पीयूष गोयल ने स्पष्ट किया कि इस समझौते को लेकर पिछले एक साल से दोनों देशों के अधिकारी विभिन्न स्तरों पर लगातार बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका एक-दूसरे की पूरक अर्थव्यवस्थाएं हैं और यह व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी साबित होगा।
पीयूष गोयल ने यह भी बताया कि फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा के बाद से इस ट्रेड डील को लेकर बातचीत ने रफ्तार पकड़ी। 2 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई थी, जिसके बाद अमेरिका ने टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया और ट्रेड डील की औपचारिक घोषणा की गई।
मंत्री ने यह भी साफ किया कि बातचीत के दौरान भारत ने अपने संवेदनशील और महत्वपूर्ण सेक्टरों, खासकर कृषि और डेयरी सेक्टर, को पूरी तरह सुरक्षित रखा है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भारत ने राष्ट्रीय हितों से कोई समझौता नहीं किया है।
पीयूष गोयल के अनुसार, अब डील की डिटेलिंग पर काम चल रहा है और दोनों देश इसे जल्द औपचारिक रूप देने की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं।
COMMENTS