ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रोहिल्लापुर के डूब क्षेत्र में अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलाकर 18,000 वर्ग मीटर जमीन मुक्त कराई। लगातार कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में खलबली मची है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। बृहस्पतिवार को रोहिल्लापुर गांव के हिंडन डूब क्षेत्र में प्राधिकरण का बुल्डोजर चला और करीब 18,000 वर्ग मीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। यह कार्रवाई ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर परियोजना एवं भूलेख विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, खसरा संख्या 22 और 33 की यह भूमि हिंडन नदी के डूब क्षेत्र में आती है और अधिसूचित एरिया में स्थित है। कुछ कॉलोनाइजर यहां प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी बसाने की फिराक में थे। शिकायत मिलने पर वर्क सर्किल-3 की टीम ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

वर्क सर्किल-3 के प्रभारी राजेश कुमार निम के नेतृत्व में, प्रबंधक लव शंकर भारती और टीम ने प्राधिकरण के सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में लगभग दो घंटे तक बुल्डोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिया। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने बताया कि डूब क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किए गए किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि ग्रेटर नोएडा में जमीन खरीदने से पहले भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में मेहनत की कमाई न फंसे।

15 दिन में 5 बड़ी कार्रवाई
ग्रेनो प्राधिकरण ने पिछले 15 दिनों में अतिक्रमण के खिलाफ 5 बड़ी कार्रवाई की है।
-
20 जनवरी: भनौता में 11,340 वर्ग मीटर
-
28 जनवरी: हैबतपुर में 6,000 वर्ग मीटर
-
4 फरवरी: भनौता में 10,000 वर्ग मीटर
-
6 फरवरी: रोहिल्लापुर में 18,000 वर्ग मीटर भूमि मुक्त
-
29 जनवरी: खेड़ा चौगानपुर में 8 रिहायशी टावरों के 100 से अधिक फ्लैट सील
लगातार कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है और प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि ध्वस्तीकरण अभियान आगे भी जारी रहेगा।
COMMENTS