ग्रेटर नोएडा में मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा, हेल्पलाइन और डिजिटल खतरों से बचाव की जानकारी दी गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशानुसार और पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा श्रीमती प्रीति यादव के पर्यवेक्षण में आज, 27 सितंबर 2025 को, थाना ईकोटेक प्रथम कार्यालय पर मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण और महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में एडीसीपी ग्रेटर नोएडा श्री सुधीर कुमार और एडीसीपी महिला सुरक्षा श्रीमती पूनम मिश्रा ने जूनियर हाई स्कूल की छात्राओं, शिक्षकों और कंपनियों की महिला कर्मचारियों को महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 के बारे में जानकारी दी।

साइबर सुरक्षा टीम ने उपस्थित सभी को सुरक्षित इंटरनेट और डिजिटल व्यवहार, पासवर्ड सुरक्षा, सोशल मीडिया की सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी और फिशिंग जैसी गतिविधियों से बचाव के उपाय समझाए। साथ ही, कर्मचारियों को साइबर हेल्पलाइन नंबर और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के बारे में अवगत कराया गया ताकि किसी भी साइबर घटना की स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त की जा सके।
कार्यक्रम में बालिकाओं और महिलाओं को सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने की चेतावनी दी गई। इसके अलावा, पुलिस अधिकारियों ने गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और आपातकालीन स्थितियों में हेल्पलाइन का उपयोग करने के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें डिजिटल और वास्तविक दुनिया दोनों में जागरूक बनाना है।
COMMENTS