जम्मू–कश्मीर के किस्तवार ज़िले के चोसोटी इलाके में सुबह बादल फटने से भारी तबाही हुई। अब तक 12 लोगों की मौत की पुष्टि, कई लापता। NDRF, SDRF और सेना राहत-बचाव कार्य में जुटी है, मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया।
जम्मू–कश्मीर के किस्तवार ज़िले के चोसोटी इलाके में आज सुबह लगभग 5:30 बजे बादल फटने की घटना ने भारी तबाही मचा दी। तेज़ बारिश के बाद अचानक चोसोटी नाले में पानी का स्तर तेजी से बढ़ा और कुछ ही मिनटों में आसपास के गांवों में विनाश का मंजर फैल गया।

पानी के तेज़ बहाव ने कई घरों, पुलों और खेतों को बहा दिया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार, अब तक 12 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं, जबकि कई लोग अब भी लापता हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिसमें NDRF, SDRF और सेना की टीमें शामिल हैं। प्रभावित गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

इस हादसे के बाद जम्मू–कश्मीर प्रशासन ने आपात बैठक बुलाई है और सुरक्षा के मद्देनज़र राजौरी, रियासी और पुंछ जिलों में सभी स्कूल बंद कर दिए हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और सभी जरूरी सहायता उपलब्ध कराना है। किस्तवार के डिप्टी कमिश्नर ने भी स्पष्ट किया कि राहत कार्य बिना रुके जारी है।

भारी बारिश के कारण कई गांवों का संपर्क कट गया है और बिजली व मोबाइल नेटवर्क सेवाएं बाधित हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए और बारिश का अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना हुआ है, लेकिन राहत दल लगातार प्रभावित क्षेत्रों में मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
COMMENTS