79वें स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने रिज़र्व पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण किया, पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई और वीरता व सेवा के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया। शहीदों के परिजनों को सम्मान और ₹75 लाख का चेक प्रदान किया गया।
15 अगस्त 2025 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने रिज़र्व पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता व संप्रभुता की रक्षा तथा सशक्त भारत के निर्माण की शपथ दिलाई।

समारोह में अमर शहीदों को नमन करते हुए पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा और देश की सुरक्षा में योगदान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्यों के लिए कई पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वीरता के लिए पुलिस पदक निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सुमनेश कुमार और उपनिरीक्षक सचिन धामा को प्रदान किए गए।

सेवाभिलेख के आधार पर डीजीपी सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक नीरज कुमार मिश्रा और उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह को, जबकि प्रशंसा चिन्ह (रजत) नौ अधिकारियों/कर्मचारियों को दिए गए। 105 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उपहार भेंट किए गए।

कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए आरक्षी स्व. सौरभ कुमार की पत्नी को ₹75 लाख का चेक प्रदान किया गया। अन्य शहीद पुलिसकर्मियों – निरीक्षक स्व. सुबोध कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी स्व. बिजेन्द्र कुमार और आरक्षी स्व. सुनील भाटी के परिजनों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर अपर पुलिस आयुक्त डॉ. राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी यमुना प्रसाद, डीसीपी ट्रैफिक लखन सिंह यादव समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
COMMENTS