दिल्ली के पॉश इलाके चाणक्यपुरी में सोमवार सुबह तमिलनाडु की कांग्रेस सांसद आर. सुधा की सोने की चेन लूट ली गई। घटना के बाद उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।
राजधानी दिल्ली में सोमवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब तमिलनाडु की महिला कांग्रेस सांसद आर. सुधा की सोने की चेन मॉर्निंग वॉक के दौरान लूट ली गई। घटना चाणक्यपुरी स्थित पोलैंड दूतावास के पास उस समय हुई, जब सांसद सुधा रामकृष्णन तमिलनाडु भवन के आसपास सुबह की सैर पर निकली थीं। बाइक सवार बदमाशों ने उनकी चेन छीनी और मौके से फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने लुटेरों से संघर्ष भी किया, जिससे उन्हें कई चोटें आई हैं।

घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सांसद ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर पूरे मामले की जानकारी दी है और लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सुधा तमिलनाडु के मयिलादुथुराई लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं। इस घटना के बाद दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी दलों ने सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर लिखा कि दिल्ली में चेन और मोबाइल स्नैचिंग आम हो चुकी है और लोग अब एफआईआर तक दर्ज नहीं कराते क्योंकि उन्हें लगता है कि यह समय की बर्बादी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस का राजनीतिकरण हो चुका है, हज़ारों पद खाली हैं और जो अधिकारी हैं, वे VIP सिक्योरिटी और राजनीतिक दबावों में व्यस्त हैं। सौरभ ने यह भी कहा कि दिल्ली की महिलाएं अब सावधानी बरतती हैं, लेकिन तमिलनाडु से आई सांसद को यहां की स्थिति का अंदाजा नहीं रहा होगा। यह घटना राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
COMMENTS