थाना फेस-3 पुलिस ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए चोरी की स्प्लेंडर बाइक सहित आरोपी शाहरूख को गिरफ्तार किया। बाइक थाना कल्याणपुरी, दिल्ली से चोरी की गई थी।
थाना फेस-3 पुलिस ने एक और सफलता हासिल करते हुए एक शातिर वाहन चोर शाहरूख पुत्र शकील अहमद को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी गढ़ी गोलचक्कर से पर्थला की ओर जाने वाले सर्विस रोड पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने लोकल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल स्प्लेंडर (रजिस्ट्रेशन नंबर DL7SCF8279) बरामद की गई है, जो थाना कल्याणपुरी, दिल्ली से चोरी की गई थी। इस संबंध में पहले से एफआईआर संख्या 014052/2025 दर्ज थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शाहरूख पुत्र शकील अहमद, निवासी बहजोई, थाना बहजोई, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वर्तमान में वह खोड़ा कॉलोनी, थाना खोड़ा, गाजियाबाद में रह रहा था। आरोपी की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है।
इस प्रकरण में थाना फेस-3 में मु0अ0सं0 480/2025 धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं में सक्रिय था। वह वाहनों को फर्जी कागजात के ज़रिए सस्ते दामों पर बेच देता था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और संभावित साथियों की तलाश कर रही है।
नोएडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों को बड़ा झटका लगा है।
COMMENTS