लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास और सुधार के लिए पंत जी ने जो नींव रखी, उसी सोच के कारण आज प्रदेश नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को देश के पूर्व गृह मंत्री और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पं. पंत की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत भारत मां के महान सपूत, प्रख्यात स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल अधिवक्ता और एक दूरदर्शी प्रशासक थे। उन्होंने कहा कि पंत जी के कार्य आज भी समाज और प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके विचार आज भी हमारा मार्गदर्शन कर रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत ने अपने समय में उत्तर प्रदेश के विकास और सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। उनके द्वारा रखी गई विकास की आधारशिला ही आज उत्तर प्रदेश को देश की अर्थव्यवस्था में एक महत्वपूर्ण स्थान दिलाने में सहायक बन रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जन्म वर्तमान उत्तराखंड में हुआ था, जो उस समय संयुक्त प्रांत का हिस्सा हुआ करता था। उन्होंने प्रारंभिक जीवन में वकालत के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई थी, लेकिन जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने देश को आजादी दिलाने के लिए आंदोलन का आह्वान किया, तो पंत जी ने बिना देर किए अपनी वकालत छोड़ दी और स्वतंत्रता संग्राम में कूद पड़े।
उन्होंने कहा कि उस समय देश गुलामी की जंजीरों में जकड़ा हुआ था। ऐसे दौर में वर्ष 1937 में पंडित गोविंद बल्लभ पंत को संयुक्त प्रांत के प्रीमियर के रूप में चुना गया। बाद में आजादी के बाद जब उत्तर प्रदेश का गठन हुआ तो वह राज्य के प्रथम मुख्यमंत्री बने।

COMMENTS