जेवर क्षेत्र की काजल चौधरी ने SSC CHT–2024 में AIR 66 हासिल कर भारतीय सशस्त्र बलों के मुख्यालय में राजभाषा अधिकारी पद पर चयनित होकर मिसाल कायम की।
जेवर विधानसभा क्षेत्र के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है। ग्राम नगला भटोना, जनपद गौतमबुद्धनगर की होनहार बेटी काजल चौधरी ने स्टाफ सिलेक्शन कमीशन (SSC) द्वारा आयोजित संयुक्त अनुवाद परीक्षा–2024 में ऑल इंडिया रैंक 66 प्राप्त कर भारतीय सशस्त्र बलों के मुख्यालय, नई दिल्ली में राजभाषा अधिकारी के पद पर नियुक्त होकर न सिर्फ जेवर बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
विगत दिनों नई दिल्ली में आयोजित रोज़गार मेले के दौरान माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं काजल चौधरी को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। यह क्षण उनके वर्षों के परिश्रम, अनुशासन और संघर्ष की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति का प्रतीक बना।
इस उपलब्धि पर जेवर विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने रबूपुरा स्थित अपने आवास पर काजल चौधरी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उनके माता-पिता भी उपस्थित रहे। विधायक ने परिवार को बधाई देते हुए कहा कि काजल की सफलता के पीछे माता-पिता का त्याग, संघर्ष और विशेष रूप से माताजी की प्रेरणादायक भूमिका रही है।

काजल चौधरी की शैक्षणिक यात्रा सरकारी विद्यालय से शुरू होकर दिल्ली विश्वविद्यालय तक पहुंची, जहां से उन्होंने स्नातकोत्तर शिक्षा पूर्ण की। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान आर्थिक कठिनाइयों और सामाजिक दबावों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और निरंतर परिश्रम के बल पर यह मुकाम हासिल किया।
विधायक श्री धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि काजल की सफलता यह प्रमाण है कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंच सकते हैं। काजल आज क्षेत्र की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
काजल के पिता श्री राजमल सिंह किसान हैं, जबकि माता श्रीमती बबीता चौधरी गृहणी हैं।
COMMENTS