उत्तर प्रदेश सीनियर खो-खो टीम में चयनित गाजियाबाद के खिलाड़ियों को जे.डी. ग्लोबल पब्लिक स्कूल में सम्मानित किया गया, अब टीम तेलंगाना में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
गाजियाबाद के खेल जगत के लिए गर्व का क्षण सामने आया है। आज दिनांक 09 जनवरी 2026 को जे.डी. ग्लोबल पब्लिक स्कूल, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश खो-खो टीम में चयनित गाजियाबाद के खिलाड़ियों के सम्मान में किट वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी एवं चीफ वार्डन सिविल डिफेंस गाजियाबाद श्री ललित जायसवाल, प्रधानाचार्या रचना त्यागी, कोऑर्डिनेटर मोनिका चौहान सहित विद्यालय प्रबंधन की उपस्थिति रही।
बताया गया कि सीनियर पुरुष एवं महिला उत्तर प्रदेश खो-खो टीम का चयन/ट्रायल दिनांक 14 दिसंबर 2025 (रविवार) को गीता संजय मेमोरियल पब्लिक स्कूल, लोहिया नगर “बी-ब्लॉक”, गाजियाबाद में संपन्न हुआ था। इस ट्रायल में पूरे उत्तर प्रदेश से लगभग 350 पुरुष व महिला खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के चयनकर्ताओं विनय जायसवाल, राधेश्याम यादव एवं हर्षिता त्रिपाठी द्वारा संपन्न कराई गई।
चयनित खिलाड़ी 11 जनवरी 2026 से 15 जनवरी 2026 तक काजीपेट, तेलंगाना में आयोजित प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। महिला टीम में गाजियाबाद से नेहा सिंह और मानसी का चयन हुआ है, जबकि पुरुष टीम में शुभम शर्मा, मोहित पाल, रोहित पाल और रजत मलिक गाजियाबाद का नाम रोशन करेंगे।
महिला टीम की कप्तानी अंजली यादव (बलिया) और उपकप्तान शिवानी राय (गाजीपुर) को सौंपी गई है, वहीं पुरुष टीम के कप्तान शुभम शर्मा (गाजियाबाद) और उपकप्तान रंजीत यादव (जौनपुर) बनाए गए हैं। इस प्रतियोगिता में गाजियाबाद के आदिल खान को तकनीकी अधिकारी के रूप में चयनित किया गया है।
कार्यक्रम के अंत में जिला खो-खो एसोसिएशन गाजियाबाद की अध्यक्ष डॉ. ऋचा सूद, सचिव व चयन/ट्रायल कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रवीण कुमार तथा कोऑर्डिनेटर भूपेंद्र सिंह ने सभी खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
COMMENTS