गौतमबुद्धनगर में मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को ब्रेस्ट व सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, लक्षण और उपचार की जानकारी दी गई।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में एवं पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा और पुलिस उपायुक्त लाइन के पर्यवेक्षण में, मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन रिजर्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर में किया गया।
इस कार्यक्रम में एसीपी महिला सुरक्षा की उपस्थिति में महिला पुलिसकर्मियों, अन्य महिलाओं और उनके परिवारजनों को ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर से बचाव, लक्षण पहचान, प्राथमिक जांच, वैक्सीनेशन, रोकथाम और उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने उपस्थित महिलाओं और बालिकाओं को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, नियमित जांच के महत्व, टीकाकरण और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के उपायों के बारे में विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही उन्होंने प्राथमिक उपचार और रोकथाम के तरीके भी साझा किए, जिससे महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता और स्वयं की सुरक्षा की भावना को मजबूत किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम उन्हें अपने स्वास्थ्य और परिवार के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहने के लिए प्रेरित करते हैं। पुलिस अधिकारियों ने भी इस बात पर जोर दिया कि मिशन शक्ति अभियान केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए भी काम कर रहा है।

यह पहल गौतमबुद्धनगर में महिलाओं के सुरक्षा और स्वास्थ्य अधिकारों को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
COMMENTS