ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर जीटा-1 में अवैध रूप से कूड़ा डंप करते चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं। सभी पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
ग्रेटर नोएडा। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने अवैध रूप से कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर जीटा-1 में खाली प्लॉट पर अवैध रूप से कूड़ा डंप करते हुए चार ट्रैक्टर-ट्रॉली को रंगे हाथों पकड़ा है।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, बिल्डर सोसाइटियों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित स्थान पर न ले जाकर कुछ लोग सेक्टर जीटा-1 के खाली प्लॉटों में फेंक रहे थे। लगातार मिल रही शिकायतों और निगरानी के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। जांच के दौरान चार ट्रैक्टर-ट्रॉली कूड़ा डंप करते हुए पकड़ी गईं, जिन्हें तत्काल रोककर उनके चालकों से पूछताछ की गई।

स्वास्थ्य विभाग ने पर्यावरण और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर चारों ट्रैक्टर-ट्रॉली संचालकों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इस प्रकार कुल एक लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि दोबारा इस प्रकार की गतिविधि करते हुए कोई वाहन पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त भी किया जाएगा।
प्राधिकरण का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों, खाली प्लॉटों और सड़कों के किनारे कूड़ा फेंकने से न केवल शहर की सुंदरता प्रभावित होती है बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) श्रीलक्ष्मी वीएस ने नागरिकों, बिल्डर सोसाइटियों और कूड़ा परिवहन से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें और निर्धारित स्थानों पर ही उसका निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।
प्राधिकरण ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध रूप से कूड़ा डंप किया जाता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शहर को स्वच्छ रखने के प्रयासों को और प्रभावी बनाया जा सके।
COMMENTS