गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के 19वें स्थापना दिवस एवं Mission ShaktiSAT कार्यक्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया और कहा कि डबल इंजन सरकार युवाओं के संकल्पों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर गौतम बुद्ध नगर स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) के 19वें स्थापना दिवस एवं ‘Mission ShaktiSAT’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंत्री नन्दी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मंत्री नन्दी ने कहा कि यह आयोजन केवल विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि ज्ञान, विज्ञान, नवाचार और भारत के भविष्य के संकल्प का उत्सव है। उन्होंने कहा कि लगभग दो दशकों की अपनी यात्रा में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय ने केवल डिग्री प्रदान करने वाले संस्थान की भूमिका से आगे बढ़कर चरित्र निर्माण, शोध, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश शिक्षा, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय भी इस बदलाव का एक महत्वपूर्ण भागीदार और साक्षी रहा है।

COMMENTS