दिल्ली के द्वारका में हुए दर्दनाक सड़क हादसे का नया वीडियो सामने आया है, जिसमें नाबालिग चालक तेज रफ्तार में स्टंट करता दिख रहा है। हादसे में साहिल धनेशरा की मौत हो गई, आरोपी फिलहाल अंतरिम जमानत पर बाहर है।
दिल्ली के द्वारका में 3 फरवरी को हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने अब नया मोड़ ले लिया है। 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत के मामले में दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो एसयूवी के अंदर से शूट किया गया वीडियो सामने आया है। वीडियो में नाबालिग चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चलाते और स्टंट करते दिख रहा है, जबकि उसकी बहन पैसेंजर सीट पर बैठकर रील बना रही थी।
आरोप है कि स्कॉर्पियो अपनी सोसाइटी से निकलते ही तेज रफ्तार में आ गई और ऑपोजिट लेन में जाकर बस के सामने स्टंट किया। बस चालक ने खुद को बचाने के लिए रफ्तार धीमी की, तभी पीछे अपनी लेन में चल रहे साहिल की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और छाती में कई फ्रैक्चर, गंभीर आंतरिक चोटें और अत्यधिक रक्तस्राव को मौत का कारण बताया गया है।

हादसे के बाद भी स्कॉर्पियो नहीं रुकी और आगे खड़ी टैक्सी को टक्कर मार दी, जिससे टैक्सी बस से जा भिड़ी। टैक्सी चालक गंभीर रूप से घायल हुआ। स्थानीय लोगों ने आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।
एफआईआर में पहले आरोपी की उम्र 19 साल बताई गई, बाद में उसे नाबालिग घोषित किया गया। बोर्ड परीक्षाओं के चलते उसे अंतरिम जमानत मिल गई है। साहिल की मां इना माकन, जो एक सिंगल मदर हैं, आरोपी को जेल भेजने और सख्त सजा की मांग कर रही हैं। उनका आरोप है कि आरोपी पर पहले भी ओवरस्पीडिंग के चालान थे और नाबालिग को गाड़ी देने के लिए पिता पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।
मामला सोशल मीडिया रील और स्टंट के खतरनाक ट्रेंड पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
COMMENTS