नोएडा के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में वैलेंटाइन डे के दिन सड़क किनारे खड़ी कार से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिले। दोनों के शरीर पर गोली के निशान, मौके से पिस्टल और कारतूस बरामद।
वैलेंटाइन डे के दिन नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। Noida के सेक्टर-39 थाना क्षेत्र अंतर्गत सेक्टर-107 रोड पर शनिवार को सड़क किनारे खड़ी एक कार से युवक और युवती के शव मिलने से हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों को कार के लंबे समय तक खड़े रहने पर शक हुआ। जब उन्होंने अंदर झांककर देखा तो एक लड़का और एक लड़की अचेत अवस्था में दिखे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कार के अंदर दोनों युवक-युवती मृत पाए गए और उनके शरीर पर गोली के निशान थे।
पुलिस ने मौके से एक पिस्टल और कुछ कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला हो सकता है। पुलिस के अनुसार, पिस्टल युवक के हाथ में मिली है, जिससे यह संभावना जताई जा रही है कि युवक ने पहले अपनी प्रेमिका को गोली मारी और बाद में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

मृत युवती की पहचान रेखा के रूप में हुई है, जो थाना सेक्टर-58 क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। वहीं युवक का नाम सुमित है, जो दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके का निवासी था। दोनों शुक्रवार से अपने-अपने घरों से लापता थे और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की गहन जांच के तहत फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है, पिस्टल की जांच की जा रही है और दोनों के पारिवारिक व व्यक्तिगत संबंधों की पड़ताल की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
COMMENTS