मुलुंड (पश्चिम) में जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने से एक व्यक्ति की मौत और चार लोग घायल हो गए। फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेट्रो टीम राहत-बचाव में जुटी।
उत्तर-पूर्वी मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। दोपहर करीब 12:20 बजे LBS रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने निर्माणाधीन मेट्रो रेल रूट (लाइन-4) के पिलर का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट स्लैब अचानक टूटकर नीचे आ गिरा, जिसकी चपेट में एक ऑटोरिक्शा समेत कई वाहन आ गए। ऑटोरिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी में तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका जताई गई थी, बाद में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड स्टाफ और 108 एम्बुलेंस सेवा मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि पिलर का एक सीमेंट स्लैब ऑटोरिक्शा पर गिरा, जिससे थ्री-व्हीलर पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और यातायात प्रभावित हुआ।
हादसे को लेकर बीएमसी ने बयान जारी करते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान पिलर का हिस्सा टूटकर गिरा है और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि निर्माण कार्य में लापरवाही हुई या तकनीकी खामी के कारण यह हादसा हुआ।
फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
COMMENTS