नोएडा के सेक्टर-70 में खुले नाले में कार गिरने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू किया। खुले नालों को लेकर प्राधिकरण की लापरवाही पर सवाल।
नोएडा में एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही के बीच बड़ा हादसा टल गया। थाना फेस-3 क्षेत्र के सेक्टर-70 स्थित बसई गांव के पास एक कार अचानक खुले नाले में जा गिरी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक बाल-बाल बच गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, कार चालक गाड़ी खड़ी कर पास में शराब लेने गया था। इसी दौरान कार अचानक खिसक गई और आधी गाड़ी खुले नाले में जा घुसी। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की और चालक ने खुद को सुरक्षित बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही थाना फेस-3 पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर कार को नाले से बाहर निकाला। पुलिस की तत्परता और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा नुकसान टल गया।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि इलाके में नाले लंबे समय से खुले पड़े हैं और उन पर किसी तरह का कवर नहीं लगाया गया है। पहले भी यहां छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद नोएडा प्राधिकरण ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
गौरतलब है कि हाल ही में सेक्टर-150 में एक इंजीनियर की दर्दनाक मौत ने शहर की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। इसके बावजूद खुले नाले और तथाकथित ‘डेथ पॉइंट’ अब भी लोगों की जान जोखिम में डाल रहे हैं।
स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी साफ दिखाई दे रही है। सवाल वही है—आखिर कब तक लोग खुले नालों के साये में जिंदगी जीने को मजबूर रहेंगे?
COMMENTS