नोएडा पुलिस ने चार पहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 6 शातिर चोरों को गिरफ्तार कर 3 चोरी की कारें, फर्जी नंबर प्लेट, GPS जैमर और की-प्रोग्रामर समेत भारी मात्रा में उपकरण बरामद किए हैं।
नोएडा के थाना सेक्टर-39 पुलिस और नोएडा सर्विलांस टीम ने चार पहिया वाहन चोरी करने वाले एक संगठित और अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 6 शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 4 फरवरी 2026 को लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर सेक्टर-82 कट के पास की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीर उर्फ दाऊद उर्फ कुंजा, सालिम, आजाद, सलीम, मोहसीन और मोहम्मद फैसल के रूप में हुई है। अभियुक्तों के कब्जे से 3 चोरी की कारें—दो मारुति ब्रेजा और एक मारुति स्विफ्ट—बरामद की गई हैं, जिनका संबंध नोएडा, गाजियाबाद और जयपुर (राजस्थान) के दर्ज मामलों से है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त हुंडई ओरा टैक्सी कार, दो फर्जी नंबर प्लेट और अत्याधुनिक चोरी के उपकरण भी बरामद हुए हैं।

पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह टैक्सी के रूप में हुंडई ओरा कार का इस्तेमाल कर दिन-रात रैकी करता था। मौका मिलते ही की-प्रोग्रामर के जरिए कार का लॉक तोड़ दिया जाता था। चोरी की गई गाड़ियों में GPS जैमर लगाकर ट्रैकिंग सिस्टम को निष्क्रिय कर दिया जाता था, जिसके बाद वाहनों को राजस्थान, हरियाणा के मेवात और अन्य राज्यों में बेच दिया जाता था।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह के कई सदस्य पुराने और शातिर अपराधी हैं, जिनके खिलाफ दिल्ली, यूपी और राजस्थान में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आगे की पूछताछ में और वाहनों की बरामदगी की संभावना है।
COMMENTS