मऊ, मधुबन और पूर्वांचल के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी। 19 जून 2026 से नई मेमू और दिल्ली के लिए ट्रेन सेवाएं शुरू होंगी। मंत्री ए. के. शर्मा ने दी जानकारी।
उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा है कि मऊ, मधुबन तथा पूरे पूर्वांचल क्षेत्र की रेल सुविधाओं को सुदृढ़ और जनोपयोगी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी दिशा में भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर क्षेत्र के लिए नई रेल सेवाओं की मांग की गई थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है।
मंत्री ए. के. शर्मा ने बताया कि हाल ही में उन्होंने पूर्वांचल की रेल सेवाओं के विस्तार और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेल मंत्री से कई महत्वपूर्ण मांगें रखी थीं। अप्रैल माह में दोहरीघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिन रेल परियोजनाओं और सेवाओं पर चर्चा हुई थी, उन्हें अब धरातल पर उतारने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आगामी 19 जून 2026 से पूर्वांचल की जनता को कई महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं का लाभ मिलने जा रहा है। इसके तहत दोहरीघाट-औंड़िहार नई मेमू ट्रेन का संचालन वाराणसी तक किया जाएगा। वहीं मऊ-आनंद विहार (दिल्ली) स्पेशल ट्रेन का नियमित संचालन मऊ से शुरू होगा। इसके अलावा छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट ट्रेन को मऊ के रास्ते संचालित किया जाएगा, जिससे दिल्ली जाने वाले यात्रियों को नई और बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
ए. के. शर्मा ने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें जानकारी दी है कि इन सभी रेल सेवाओं का औपचारिक शुभारंभ 19 जून 2026 को किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में रेल मंत्री छपरा से ऑनलाइन माध्यम के जरिए जनता को संबोधित करेंगे।

उन्होंने मऊ, मधुबन सहित पूरे पूर्वांचल क्षेत्र की जनता को इस उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षेत्र के विकास, सुगम आवागमन और जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। नई रेल सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार पूर्वांचल के विकास को नई गति देने का कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्र की जनता से 19 जून को मऊ रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जनता का कार्यक्रम है और जनता की सहभागिता ही इसकी सबसे बड़ी सफलता होगी।
COMMENTS