भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी सौगात देते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन शुरू कर दिया है, जबकि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा को शाहजहाँपुर तक विस्तारित किया गया है। नई रेल सेवाओं से उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक संपर्क को नई गति मिलने की उम्मीद है।
भारतीय रेलवे ने उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने सोमवार को टनकपुर, नांदेड और पीलीभीत से आयोजित कार्यक्रमों में टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस, नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस तथा टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार हरी झंडी दिखाकर शुरू किया।
नई रेल सेवाओं के शुरू होने से उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। साथ ही धार्मिक पर्यटन, व्यापार, स्थानीय उद्योग और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नया बल मिलने की उम्मीद है।

रेलवे में तेज़ी से हो रहा है परिवर्तन : अश्विनी वैष्णव
समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि नांदेड के धार्मिक महत्व और लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए टनकपुर-नांदेड एक्सप्रेस तथा नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस को मंजूरी दी गई है। इसके साथ ही टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन सेवा का शाहजहाँपुर तक विस्तार भी क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हो रहा है। पिछले 12 वर्षों में देशभर में 37 हजार किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं, जबकि 99.6 प्रतिशत रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है। शेष कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा।
रेल मंत्री ने बताया कि देश की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और अगले वर्ष इसके संचालन का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वी और पश्चिमी डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का कार्य पूरा हो चुका है और अब दोनों को जोड़ने की दिशा में भी काम किया जाएगा।

गरीब और मध्यम वर्ग को मिलेगी बेहतर सुविधा
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय रेलवे आम नागरिकों की जीवनरेखा है। इसी उद्देश्य से रेलवे सामान्य श्रेणी के यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए 12 हजार नए द्वितीय श्रेणी कोच तैयार कर रहा है, जिनमें से 4 हजार कोच पहले ही विभिन्न ट्रेनों में लगाए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष गर्मियों में रिकॉर्ड संख्या में स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं। वहीं पिछले दीपावली और छठ पर्व पर 12 हजार विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। आगामी रथ यात्रा के अवसर पर 300 तथा ओणम के दौरान 100 विशेष ट्रेनें चलाने की भी घोषणा की गई।
उत्तर और दक्षिण भारत के बीच बनेगा नया सांस्कृतिक सेतु
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह केवल एक नई ट्रेन सेवा नहीं बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच संस्कृति, आस्था, पर्यटन और विकास को जोड़ने वाला मजबूत माध्यम है।
उन्होंने कहा कि टनकपुर कुमाऊँ का प्रवेश द्वार है, जहां से पूर्णागिरि धाम और आदि कैलाश की यात्रा शुरू होती है। लंबे समय से यहां के लोग मध्य भारत और महाराष्ट्र के लिए सीधी ट्रेन की मांग कर रहे थे। नई ट्रेन सेवा शुरू होने से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधी सुविधा मिलेगी, वहीं उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को भी नए बाजार उपलब्ध होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई रेल लाइन परियोजना पर तेजी से कार्य जारी है। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड के कई रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है।

नांदेड और मुंबई के यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस शुरू होने से श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ व्यापारिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। उन्होंने इस पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।
सिख श्रद्धालुओं की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने टनकपुर में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि टनकपुर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थान है। यहां गुरुनानक देव और गुरु हरगोबिंद सिंह का आगमन हुआ था। अब यहां से श्रद्धालु सीधे दसवें गुरु गुरु गोबिंद सिंह की पावन धरती नांदेड तक रेल मार्ग से पहुंच सकेंगे।
उन्होंने कहा कि टनकपुर-नांदेड और नांदेड-मुंबई एक्सप्रेस का संचालन सिख समाज सहित लाखों यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करता है।
क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई रफ्तार
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि टनकपुर-पीलीभीत ट्रेन का शाहजहाँपुर तक विस्तार पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने बताया कि टनकपुर रेलवे स्टेशन का भी आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

वहीं पीलीभीत में आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि नई रेल सेवाओं से पीलीभीत टाइगर रिजर्व आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि पीलीभीत को "मिनी पंजाब" कहा जाता है और यहां से अमृतसर के लिए सीधी ट्रेन चलाने की आवश्यकता है। इस संबंध में उन्होंने रेल मंत्री का ध्यान भी आकर्षित किया।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
पीलीभीत में सांसद मिथलेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने नई रेल सेवाओं का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया। नांदेड में भी आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान टनकपुर में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर तथा पीलीभीत में इज्जतनगर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक ने अतिथियों का स्वागत किया।
नई रेल सेवाओं के साथ अब उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान होगी। साथ ही धार्मिक आस्था, पर्यटन, व्यापार, स्थानीय उद्योग और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
COMMENTS