ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने वाराणसी में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को गर्मी से पहले सभी तैयारियां दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अंडरग्राउंड केबलिंग, ट्रिपिंग और प्रमुख स्थलों पर 24×7 बिजली सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी को देखते हुए ऊर्जा विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में विद्युत विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए।
बैठक के दौरान मंत्री ने आगामी गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए विभागीय तैयारियों का गहन आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों से विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, क्षमता वृद्धि, अनुरक्षण कार्य, ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता और फाल्ट रिस्पॉन्स सिस्टम की विस्तृत जानकारी ली।
अंडरग्राउंड केबलिंग और संरचना सुधार पर जोर
ऊर्जा मंत्री ने अंडरग्राउंड केबलिंग कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने जर्जर तारों को बदलने, ओवरलोडिंग की समस्या को दूर करने और एक महीने के भीतर बांस-बल्ली के अस्थायी ढांचों को हटाकर सुरक्षित एवं स्थायी व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी बदलाव दिखाई देना चाहिए।

हर उपकेंद्र पर रहे पूरी तैयारी
मंत्री ने निर्देश दिए कि सभी उपकेंद्रों पर आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रैपिड रिस्पॉन्स टीम को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संतुलित विद्युत वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि कहीं भी अनावश्यक बिजली कटौती की समस्या उत्पन्न न हो।
ट्रिपिंग पर सख्ती, जवाबदेही तय
बैठक में ट्रिपिंग की समस्या को लेकर मंत्री ने गंभीर चिंता जताई और अधिकारियों से विस्तार से जवाब तलब किया। उन्होंने निर्देश दिया कि ट्रिपिंग की घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख स्थलों की बिजली पर खास फोकस
ऊर्जा मंत्री ने वाराणसी के प्रमुख स्थलों—रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, संकट मोचन मंदिर और ताज होटल—की विद्युत आपूर्ति की स्थिति की विशेष समीक्षा की। उन्होंने इन स्थानों पर 24×7 निर्बाध बिजली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर बिजली व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पूर्वांचल में निर्बाध बिजली का लक्ष्य
बैठक में पूर्वांचल के सभी जिलों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी सतर्कता, जवाबदेही और समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षित, बेहतर और निर्बाध विद्युत सेवाएं प्रदान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
COMMENTS