अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर महोबा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 697 करोड़ रुपये से अधिक की 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने योग, विकास, जल संरक्षण, पर्यटन, डिफेंस कॉरिडोर और बुंदेलखंड के भविष्य को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं तथा विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महोबा पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकास, योग, पर्यटन, जल संरक्षण और राष्ट्र निर्माण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए बुंदेलखंड के उज्ज्वल भविष्य का खाका पेश किया। उन्होंने कहा कि कभी दूषित मानसिकता और मलिन आत्मा वाले लोगों ने बुंदेलखंड को बदनाम करने का काम किया था, लेकिन आज यही क्षेत्र विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता का नया मॉडल बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने महोबा के मोदी ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में 697 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 88 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान महोबा के विकास पर आधारित एक लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया, जिसमें जिले की बदलती तस्वीर को दर्शाया गया।

योग से स्वस्थ शरीर, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण
सीएम योगी ने अपने संबोधन की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पूरे प्रदेश में अभूतपूर्व उत्साह के साथ मनाया गया।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा को जोड़ने वाला विज्ञान है। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मस्तिष्क, स्वस्थ मस्तिष्क से स्वस्थ बुद्धि और स्वस्थ बुद्धि से स्वस्थ आत्मा का निर्माण होता है। उन्होंने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग समाज में नकारात्मकता फैलाते हैं, अवैध कब्जे करते हैं और विकास के रास्ते में बाधाएं खड़ी करते हैं, उनकी मानसिकता दूषित होती है और ऐसी सोच ने वर्षों तक प्रदेश और बुंदेलखंड को पीछे धकेलने का काम किया।

गोरखगिरि बनेगा बुंदेलखंड का नया पर्यटन केंद्र
मुख्यमंत्री ने महोबा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का उल्लेख करते हुए गुरु गोरखनाथ की तपोस्थली गोरखगिरि का विशेष रूप से जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्षों बाद उन्हें स्वयं गोरखगिरि पर्वत पर जाने और वहां स्थित बाबा गोरखनाथ की गुफा तथा मंदिर में दर्शन करने का अवसर मिला।
उन्होंने घोषणा की कि गोरखगिरि में रोपवे का निर्माण कराया जाएगा और इसे एडवेंचर टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। महोबा महोत्सव से पहले यहां स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक पर्वतारोहण और अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होटल, रेस्तरां और अन्य सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आल्हा-ऊदल की वीरता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यहां अखाड़ों का निर्माण कराया जाएगा ताकि युवाओं में शौर्य, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत हो सके।
दशावरी पान और ग्रेनाइट से देश को पहचान दिला रहा महोबा
सीएम योगी ने कहा कि महोबा केवल वीरों की भूमि ही नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली धरती है। यहां का ग्रेनाइट देशभर में निर्माण कार्यों की पहचान बन चुका है।
उन्होंने कहा कि महोबा के प्रसिद्ध दशावरी पान को सरकार ने जीआई टैग दिलाकर वैश्विक पहचान प्रदान की है। यहां की मिट्टी और जलवायु का प्रभाव ही है कि इस पान का स्वाद दुनिया में कहीं और नहीं मिल सकता।
अर्जुन सहायक परियोजना ने बदली किसानों की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षों तक अधूरी पड़ी अर्जुन सहायक परियोजना को उनकी सरकार ने मिशन मोड में पूरा कराया। वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसका लोकार्पण किया गया। इस परियोजना से महोबा और बांदा के हजारों हेक्टेयर कृषि क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिली है, जिससे किसानों की आय और भूमि का मूल्य दोनों बढ़े हैं।

‘पहली बार आया तो हालात देखकर भौचक रह गया था’
सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद जब वह पहली बार बुंदेलखंड आए थे तो यहां की खराब कनेक्टिविटी, अवैध खनन, वन माफिया और भूमाफियाओं के प्रभाव को देखकर हैरान रह गए थे। उन्होंने कहा कि उस समय महिलाएं दूर-दूर से सिर पर घड़े रखकर पानी लाने को मजबूर थीं, लेकिन आज हर घर जल योजना के माध्यम से लाखों परिवारों तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने जल संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए कहा कि चंदेल राजाओं की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए तालाबों और जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष ध्यान देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और डिफेंस कॉरिडोर जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स के कारण नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया और दुश्मन देशों को भारत की ताकत का एहसास कराया।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजना बुंदेलखंड, झांसी, हमीरपुर, चित्रकूट और महोबा को भविष्य में मिसाइल और रक्षा उत्पादन का बड़ा केंद्र बनाने की है।
केन-बेतवा परियोजना से खत्म होगी पानी की समस्या
मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड का भविष्य अब पूरी तरह बदलने वाला है। केन-बेतवा लिंक परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसके पूरा होने के बाद क्षेत्र में जल संकट का स्थायी समाधान हो जाएगा।
उन्होंने बताया कि बीडा (BIDA) के माध्यम से बुंदेलखंड में देश के सबसे बड़े औद्योगिक शहरों में से एक विकसित किया जा रहा है, जिससे युवाओं को रोजगार और निवेश के नए अवसर मिलेंगे।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार गरीबों को राशन, आवास, शौचालय, पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य और विवाह सहायता जैसी योजनाओं का लाभ दे रही है। सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीब बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि आज स्थिति यह है कि गरीब की बेटी की शादी के कार्ड जिलाधिकारी छपवाते हैं और मंत्री स्वयं विवाह समारोह में शामिल होते हैं। यही संवेदनशील शासन की पहचान है।
कार्यक्रम में श्रम राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’, विधायक राकेश कुमार गोस्वामी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला पंचायत अध्यक्ष जयप्रकाश अनुरागी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संतोष चौरसिया, नगर पंचायत अध्यक्ष वैभव अरजरिया, पूर्व सांसद गंगाचरण राजपूत, पुष्पेंद्र सिंह चंदेल तथा भाजपा के अनेक पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
COMMENTS