बाराबंकी के असैनी क्षेत्र में मुख्तार अंसारी के करीबी शूटर रहे शोएब बॉबी की अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मौके से पांच खोखे बरामद किए, जांच जारी।
राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले में शुक्रवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। कुख्यात गैंगस्टर मुख्तार अंसारी के करीबी शूटर रहे शोएब बॉबी की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, घटना बाराबंकी के असैनी इलाके में हुई, जहां लखनऊ की तरफ से आ रही एक कार को हमलावरों ने निशाना बनाया। कार में शोएब बॉबी सवार था। बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और करीब 15 गोलियां दाग दीं। अंधाधुंध फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई।

पुलिस के मुताबिक, मौके से पांच खाली कारतूस बरामद किए गए हैं। गोली लगने के बाद नगर कोतवाली पुलिस शोएब को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि शोएब बॉबी लखनऊ के चर्चित जेलर हत्याकांड में आरोपी था।
घटना की सूचना मिलते ही जिले में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लग गए हैं। हमलावरों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।
इस वारदात के बाद पूरे जिले में भय का माहौल है। स्थानीय लोग दहशत में हैं, वहीं पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हत्या के पीछे गैंगवार या आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
COMMENTS