देशभर में महंगाई के इस दौर में जब सभी कर्मचारी अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ दे रहे हैं, तब 1751 आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ हो रहे भेदभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की जा रही है।
आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ अन्याय, समान वेतन वृद्धि और दिवाली बोनस की मांग

देशभर में महंगाई के इस दौर में जब सभी कर्मचारी अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ दे रहे हैं, तब 1751 आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ हो रहे भेदभाव पर गहरी चिंता व्यक्त की जा रही है। इन कर्मचारियों ने हाल ही में प्राधिकरण के उच्चाधिकारियों से एक समान दृष्टिकोण अपनाने और सभी विभागों के कर्मचारियों के साथ समान व्यवहार की मांग की है। प्राधिकरण के अंतर्गत विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारी इस बात से नाराज हैं कि कुछ विभागों को विशेष व्यवस्था और सुविधाएं दी जा रही हैं, जबकि अन्य विभागों के कर्मचारियों को ऐसी कोई सुविधा नहीं मिल रही। यह कर्मचारियों के बीच भेदभावपूर्ण नीति का संकेत है और अन्यायपूर्ण है। आउटसोर्स कर्मचारियों ने स्पष्ट रूप से कहा है कि इस तरह का भेदभाव किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दिवाली बोनस और न्यायोचित वेतन वृद्धि की मांग की है, जिससे उनका आर्थिक बोझ कुछ हद तक कम हो सके। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले 21 महीनों से वेतन में किसी भी प्रकार की वृद्धि नहीं हुई है, और न ही कोई आदेश या सूचना जारी की गई है। कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया है कि संबंधित अधिकारी वेतन वृद्धि या अन्य मुद्दों पर कोई स्पष्ट जानकारी देने को तैयार नहीं हैं। ऐसे में उन्होंने निम्नलिखित मांगों को प्रमुखता से रखा है:
1. न्यायसंगत वेतन वृद्धि, जिसमें नोएडा के समान वृद्धि का प्रावधान हो और 6 महीने बाद उचित दर से वेतन बढ़ाया जाए।
2. सभी 1751 आउटसोर्स कर्मचारियों को दिवाली बोनस प्रदान किया जाए।
3. 2 वर्ष का प्राधिकरण द्वारा प्रमाणित पहचान पत्र (आईकार्ड) जारी किया जाए।
4. सभी कर्मचारियों के पीएफ में नियोक्ता का अंशदान (12%) प्राधिकरण द्वारा वहन किया जाए।
5. कर्मचारियों को स्वास्थ्य और जीवन बीमा जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएं।
कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों को जल्द से जल्द पूरा नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने पर विवश होंगे।