गौतमबुद्धनगर पुलिस ने FDRC के माध्यम से एक बिखरते परिवार को बचाया। पुलिस और काउंसलिंग टीम ने पति-पत्नी के बीच मध्यस्थता कर विश्वास और सामंजस्य बहाल किया। मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकार और सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन और डीसीपी महिला सुरक्षा/साइबर के नेतृत्व में, कमिश्नरेट में Family Dispute Resolution Centre (FDRC) द्वारा पारिवारिक विवाद और तनाव से संबंधित मामलों में काउंसलिंग एवं मध्यस्थता कराई जा रही है। इसका उद्देश्य परिवारों को टूटने से बचाना, समाज में स्थिरता बनाए रखना और महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
हाल ही में FDRC में एक प्रकरण प्राप्त हुआ जिसमें आवेदिका श्रीमती प्रगति (काल्पनिक नाम) ने अपने पति पीयूष (काल्पनिक नाम) और ससुरालजनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। विवाह नवंबर 2024 में हुआ था और पिछले 03 महीनों से आवेदिका पति से अलग रह रही थी। एफडीआरसी प्रभारी, महिला पुलिस टीम और प्रोफेशनल काउंसलर्स ने 29.07.2025, 13.08.2025 और 28.08.2025 को आवेदिका और उनके पति को बुलाकर संवेदनशीलता के साथ काउंसलिंग और मध्यस्थता कराई।

संवाद, परामर्श और आपसी विश्वास की पुनःस्थापना के प्रयासों से दोनों पक्षों को समझाया गया कि विवाद का समाधान मिलजुलकर निकालना परिवार के लिए सर्वोत्तम विकल्प है। परिणामस्वरूप पति-पत्नी पुनः साथ रहने के लिए राजी हो गए और उनके रिश्तों में विश्वास और सामंजस्य स्थापित हुआ। दोनों पक्षों ने पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही पुलिस कमिश्नरेट ने FDRC के सहयोग से मिशन शक्ति 5.0 अभियान को नवरात्रियों (22 सितंबर 2025 से) के अवसर पर विशेष रूप से सक्रिय किया। अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकार, साइबर सुरक्षा और अपराधों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। महिला बीट अधिकारी और स्टाफ समाज में महिला सुरक्षा की चेतना बढ़ाने और बेटियों में आत्मविश्वास जगाने के लिए सक्रिय हैं।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर पुलिस महिला सुरक्षा, सामुदायिक सहयोग और अपराध निवारण में निरंतर बहुआयामी कार्यवाही कर रही है, जिससे समाज में सुरक्षा की भावना और मजबूत हो रही है।
COMMENTS