दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ओडिशा–दिल्ली के बीच सक्रिय एक बड़े गांजा तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बीते एक साल में 5,000 KG से ज्यादा गांजे की सप्लाई का खुलासा हुआ है।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की आर.के. पुरम यूनिट ने इंटरस्टेट नारकोटिक्स तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक संगठित गांजा तस्करी गिरोह को ध्वस्त कर दिया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों—सोनू, अजीत और रुद्रप्रताप सुआर उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया गया है। कुल 165.74 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है।
24 दिसंबर 2025 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच ने मंगोलपुरी इलाके में जाल बिछाया। रात करीब 8:40 बजे दो स्कूटी सवार तीन कार्टन लेकर पहुंचे। तलाशी में कार्टन से 47.34 KG गांजा मिला। इस पर FIR नंबर 369/25 (धारा 20(b)(ii)(C)/29 NDPS Act) दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि गांजा ओडिशा के पप्पू सुआर द्वारा कूरियर के जरिए भेजा गया था। पुलिस रिमांड के दौरान दिल्ली स्थित कूरियर ऑफिस से 118.4 KG गांजा और बरामद किया गया। इसके बाद करीब 3 हफ्ते की तकनीकी और मैनुअल निगरानी के बाद ओडिशा के पुरी से मुख्य सप्लायर रुद्रप्रताप सुआर को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि अजीत इस गिरोह का दिल्ली आधारित सरगना था, जो खिलौना पैकिंग फैक्ट्री की आड़ में गांजे की स्टोरेज और सप्लाई करता था। गांजा काजू के डिब्बों में छिपाकर कूरियर से भेजा जाता था। बीते एक साल में 100 से अधिक खेपों में 5,000 KG से ज्यादा गांजा दिल्ली पहुंचाया गया।
COMMENTS