भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर को वडनगर और वाराणसी से ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प बाइक यात्रा शुरू होगी। करीब 1,000 युवा इसमें हिस्सा लेंगे। यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से गुजरते हुए लगभग 40,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और 7 अक्टूबर को इसका समापन होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देश के युवाओं को सेवा, समाज और राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने के लिए एक बड़े अभियान की तैयारी की है। इसी कड़ी में ‘वडनगर से वाराणसी’ और ‘वाराणसी से वडनगर’ सेवा संकल्प बाइक यात्रा 17 सितंबर को एक साथ दो दिशाओं से शुरू होगी।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में 15 सितंबर को आयोजित पत्रकार वार्ता में लोकसभा सांसद और यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी वी. डी. शर्मा ने यात्रा से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उनके मुताबिक यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के सफर से युवाओं को प्रेरणा देने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
जन्मभूमि से कर्मभूमि तक जुड़ेगा सेवा का संदेश
यात्रा के लिए वडनगर और वाराणसी को विशेष रूप से चुना गया है। वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी उनकी कर्मभूमि के रूप में भाजपा की ओर से प्रस्तुत की गई है। दोनों स्थानों से 17 सितंबर की सुबह 9:30 बजे एक साथ यात्राएं अलग-अलग दिशाओं में रवाना होंगी।

वडनगर से निकलने वाली यात्रा वाराणसी की ओर बढ़ेगी, जबकि काशी से शुरू होने वाली यात्रा वडनगर की ओर आगे बढ़ेगी। दोनों यात्राओं का समापन 7 अक्टूबर को प्रस्तावित है।
वी. डी. शर्मा के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी ने एक सामान्य कार्यकर्ता से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा में निरंतर सेवा और राष्ट्रनिर्माण को अपने जीवन का संकल्प बनाया। इसी 25 वर्ष की सेवा यात्रा की प्रेरणा को देश के युवाओं तक पहुंचाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
वडनगर में अमित शाह, राजनाथ सिंह काशी में रहेंगे मौजूद
वडनगर में 17 सितंबर को यात्रा के प्रस्थान कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल, प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर और युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मौजूद रहने की जानकारी दी गई है।
वहीं काशी से शुरू होने वाली यात्रा के प्रस्थान कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा प्रदेश के अन्य नेता उपस्थित रहेंगे।
10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी यात्रा
इस बाइक सेवा यात्रा का पैमाना भी काफी बड़ा रखा गया है। वी. डी. शर्मा के मुताबिक यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और करीब 1,159 गांवों से होकर गुजरेगी। दोनों दिशाओं को मिलाकर लगभग 40,000 किलोमीटर की दूरी तय करने का लक्ष्य है।
वडनगर से यात्रा 10 अलग-अलग समूहों में निकलेगी और प्रत्येक समूह में 25 सेवा यात्री होंगे। इस तरह वडनगर से 250 सेवा यात्री रवाना होंगे। इसी तरह काशी से भी 10 समूहों में 250 सेवा यात्री यात्रा शुरू करेंगे। देश के अलग-अलग हिस्सों से जुड़ने वाले युवाओं को मिलाकर कुल भागीदारी करीब 1,000 युवाओं की बताई गई है।
काशी से यात्रा शुरू होने से पहले आसपास की विभिन्न नदियों और जलस्रोतों से पवित्र जल एकत्र किया जाएगा। जलकलश के साथ यात्रा शुरू होगी और काशी विश्वनाथ महादेव का जलाभिषेक भी किया जाएगा।
बाइक के साथ सेवा गतिविधियों का भी चलेगा अभियान
आयोजकों के मुताबिक यह यात्रा केवल बाइक से लंबी दूरी तय करने का कार्यक्रम नहीं होगी। यात्रा के दौरान सेवा गतिविधियों को भी प्रमुखता दी जाएगी।
प्रत्येक दिन प्रस्थान स्थल पर 25 वृक्षों के पालन-पोषण का संकल्प लिया जाएगा। इसके साथ स्वच्छता अभियान, नशामुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान और जल संरक्षण जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी। सफाई कर्मचारियों का सम्मान भी किया जाएगा।
यात्रा जिस गांव या क्षेत्र में पहुंचेगी, वहां उसके आगमन से दो दिन पहले ही भाजपा युवा मोर्चा, स्थानीय युवाओं और सामाजिक संस्थाओं की ओर से सेवा गतिविधियां शुरू करने की योजना है।

यात्रा पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से भी गुजरेगी। यहां स्थानीय लोगों से संवाद कर क्षेत्र में आए बदलावों को समझने का प्रयास किया जाएगा।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, युवाओं के साथ युवा संवाद और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत भी यात्रा का हिस्सा होगी। ‘लखपति दीदी’ और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहलों से महिलाओं को मिले अवसरों और सशक्तिकरण को लेकर भी संवाद किया जाएगा।
गुजरात में चार दिशाओं से वडनगर पहुंच रहीं उपयात्राएं
यात्रा के प्रदेश इंचार्ज और प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रशांतभाई कोराट ने बताया कि गुजरात में मुख्य यात्रा से पहले चार अलग-अलग जोन से वडनगर के लिए उपयात्राएं 13 सितंबर से शुरू हो चुकी हैं। ये सभी उपयात्राएं 16 सितंबर की रात तक वडनगर पहुंचेंगी।
सौराष्ट्र जोन की उपयात्रा सोमनाथ महादेव, उत्तर जोन की श्यामलाजी, मध्य जोन की पावागढ़ स्थित महाकाली माता मंदिर और दक्षिण जोन की उपयात्रा उंनई माताजी मंदिर, नवसारी से शुरू हुई है।
इनके मार्ग में आने वाले गांवों में वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, विद्यार्थियों से संपर्क और नोटबुक वितरण तथा सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद जैसे सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
नदियों और कुओं का जल जाएगा काशी
गुजरात की चारों उपयात्राओं के दौरान रास्ते में आने वाली नदियों, तालाबों और खेतों के कुओं से जल एकत्र कर जलकलश रथ में अर्पित किया जा रहा है। वडनगर पहुंचने के बाद इसमें शर्मिष्ठा तालाब का जल भी शामिल किया जाएगा और हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक होगा।
इसके बाद यही जलकलश वाराणसी ले जाया जाएगा, जहां काशी विश्वनाथ महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।
डॉ. प्रशांतभाई कोराट के अनुसार इस यात्रा का उद्देश्य युवाओं में सेवाभाव और राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। साथ ही 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की भूमिका को लेकर उनसे संपर्क और संवाद स्थापित किया जा रहा है।
यात्रा को भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जोड़ा गया है, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है। अब देखने वाली बात यह होगी कि 40 हजार किलोमीटर की यह बाइक यात्रा केवल राजनीतिक-संगठनात्मक आयोजन तक सीमित रहती है या गांव-गांव की सेवा गतिविधियों के जरिए युवाओं के बीच वास्तव में कोई स्थायी अभियान खड़ा कर पाती है।
COMMENTS