25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों और होटल संचालकों के साथ बैठक की। छात्रों-शोधार्थियों की भागीदारी बढ़ाने, संस्थानों की उपलब्धियां प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मेहमानों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए।
ग्रेटर नोएडा में होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होने वाले इस बड़े आयोजन में देश-विदेश से उद्योग जगत से जुड़े लोगों, निवेशकों, उद्यमियों और अन्य अतिथियों के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में प्रशासन के सामने सिर्फ ट्रेड शो को सफल बनाने की चुनौती नहीं है, बल्कि आने वाले मेहमानों के सामने गौतमबुद्धनगर और उत्तर प्रदेश की छवि को बेहतर तरीके से पेश करने की जिम्मेदारी भी है।
इसी तैयारी को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट सभागार में जनपद के शिक्षण संस्थानों और होटल संचालकों के साथ अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में एक तरफ युवाओं को वैश्विक व्यापार और नवाचार से जोड़ने पर जोर दिया गया, तो दूसरी तरफ होटल संचालकों को साफ-सफाई, सुरक्षा से लेकर निर्धारित दरों तक का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
छात्रों के लिए सिर्फ घूमने का मौका नहीं, सीखने का भी मंच
जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों से कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, शैक्षणिक, उद्यमिता, नवाचार और प्रतिभा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों और विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने संस्थानों से अपने विद्यार्थियों और शोधार्थियों को ट्रेड शो में अधिक से अधिक शामिल करने और उन्हें आयोजन का भ्रमण कराने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा। इसके पीछे उद्देश्य सिर्फ छात्रों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें देश-विदेश से आने वाले उद्योगों, उद्यमियों, स्टार्टअप्स, नई तकनीकों और नवाचार से सीधे परिचित कराना है।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवा वर्ग प्रदेश की नई सोच, नवाचार और प्रतिभा का प्रतिनिधित्व करता है। ट्रेड शो के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को उद्योग जगत की कार्यप्रणाली, उद्यमिता के अवसर, नवीन तकनीकों और वैश्विक व्यापार की बदलती जरूरतों को समझने का अवसर मिल सकता है।
उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अपने स्तर पर जागरूकता और सहभागिता कार्यक्रम आयोजित करने तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को ट्रेड शो से जोड़ने की अपील की।
संस्थानों की उपलब्धियां भी दिखेंगी
बैठक में जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों को अपने शैक्षणिक, शोध, नवाचार, स्टार्टअप और रचनात्मक कार्यों से जुड़ी उपलब्धियों को भी प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने की दिशा में काम करने को कहा। इससे संस्थानों की क्षमता और उपलब्धियों को व्यापक मंच मिल सकेगा।
प्रशासन का मानना है कि उद्योग, शिक्षण संस्थान और युवा वर्ग के बीच बेहतर समन्वय से रोजगार, उद्यमिता, शोध और नवाचार के नए रास्ते खुल सकते हैं। ऐसे में ट्रेड शो छात्रों के लिए सिर्फ एक आयोजन देखने का अवसर नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं को करीब से समझने का मंच भी बन सकता है।

प्रचार-प्रसार पर भी प्रशासन की नजर
जिलाधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि ट्रेड शो का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए संस्थानों में पंपलेट और होर्डिंग लगाने को कहा गया है, ताकि विद्यार्थियों और अन्य संबंधित लोगों तक आयोजन की जानकारी पहुंच सके।
बैठक के दौरान शिक्षण व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट क्लास और स्क्रीन का इस्तेमाल विषय की आवश्यकता तथा विद्यार्थियों की बेहतर समझ को ध्यान में रखते हुए प्रभावी तरीके से किया जाए। आधुनिक तकनीक शिक्षण को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने में मदद कर सकती है।
साथ ही उन्होंने व्हाइट बोर्ड जैसी पारंपरिक शिक्षण पद्धतियों और आधुनिक तकनीक के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों को विषयवस्तु की बेहतर समझ मिल सके।
अब बारी होटल संचालकों की, मेहमानों की मेजबानी में नहीं होनी चाहिए चूक
शिक्षण संस्थानों की बैठक के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में होटल संचालकों और उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। इस बैठक का फोकस ट्रेड शो में आने वाले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों, उद्यमियों, निवेशकों और अन्य आगंतुकों के लिए बेहतर आवासीय और आतिथ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर रहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि ट्रेड शो गौतमबुद्धनगर और उत्तर प्रदेश की छवि को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का बड़ा अवसर है। ऐसे में होटल संचालकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्हें अतिथियों के लिए उच्चस्तरीय, सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी होंगी।

होटल संचालकों को साफ-सफाई, सुरक्षा, पार्किंग, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था पहले से करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अतिथियों के साथ शिष्ट और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा गया।
निर्धारित दर से ज्यादा वसूली पर भी रहेगी नजर
प्रशासन ने होटल संचालकों को बुकिंग और निर्धारित दरों से जुड़े नियमों का पूरी तरह पालन करने के स्पष्ट निर्देश दिए। किसी भी अतिथि या आगंतुक से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूल न की जाए, यह सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने होटल संचालकों से कहा कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में मेहमान आने की संभावना को देखते हुए वे अपने यहां उपलब्ध कमरों, सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की पहले से समीक्षा कर लें, ताकि ट्रेड शो के दौरान किसी अतिथि को परेशानी न हो।
उन्होंने होटल संचालकों से पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष भी जिला प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए।
अब देखना यह होगा कि 25 सितंबर से शुरू होने वाले इस पांच दिवसीय ट्रेड शो में प्रशासन की यह तैयारी जमीन पर कितनी प्रभावी नजर आती है। एक ओर जहां हजारों युवा उद्योग और नवाचार की दुनिया को करीब से देखेंगे, वहीं दूसरी ओर देश-विदेश से आने वाले मेहमानों के अनुभव से गौतमबुद्धनगर की मेजबानी की तस्वीर भी सामने आएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी भू0/अ0 अरूण कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर/सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, सीईओ इंडिया एक्सपो मार्ट ग्रेटर नोएडा सुदीप सरकार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
COMMENTS