बीजेपी मुख्यालय में नितिन नबीन को 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। पीएम मोदी, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में ताजपोशी, संगठन, भविष्य और विपक्ष पर पीएम का बड़ा संदेश।
भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। 45 वर्षीय नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। सोमवार को भाजपा मुख्यालय में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री और पार्टी के शीर्ष नेता मंच पर मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष चुना गया है। पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई महीनों से संगठन पर्व के तहत बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक की चुनाव प्रक्रिया भाजपा के संविधान के अनुसार पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से चली और आज उसका विधिवत समापन हुआ।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भाजपा के ऐतिहासिक सफर को याद करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अमित शाह और जेपी नड्डा के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया है और लगातार तीसरी बार केंद्र में सरकार बनाई है।
पीएम मोदी ने भावुक अंदाज में कहा, “मैं प्रधानमंत्री हूं, लेकिन सबसे बड़ा गर्व यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं। नितिन नबीन आज मेरे बॉस हैं।” उन्होंने कहा कि नितिन नबीन को न सिर्फ भाजपा बल्कि एनडीए सहयोगियों के साथ भी संतुलन बनाना होगा।

प्रधानमंत्री ने अगले 25 वर्षों को भारत के लिए निर्णायक बताते हुए कहा कि विकसित भारत के इस महत्वपूर्ण दौर में नितिन नबीन पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने भाजपा को संस्कृति, परिवार और प्रक्रिया से चलने वाली पार्टी बताया और कांग्रेस पर परिवारवाद व आत्ममंथन की कमी का आरोप लगाया।
COMMENTS