छत्तीसगढ़ के सुकमा में DRG जवानों ने सर्च ऑपरेशन के दौरान 12 नक्सलियों को ढेर कर दिया। मुठभेड़ में AK-47 और इंसास राइफल बरामद हुई हैं।
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों को बड़ी और निर्णायक कामयाबी मिली है। डिस्ट्रिक्ट रिज़र्व गार्ड (DRG) के जवानों ने किस्टाराम इलाके में चलाए गए सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 12 नक्सलियों को मार गिराया। यह मुठभेड़ कई घंटों तक चली, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को कोंटा एरिया कमेटी में सक्रिय नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी किरण चव्हाण के निर्देश पर DRG की टीम तड़के सुबह जंगलों में तलाशी अभियान के लिए रवाना हुई। ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों ने जवानों पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए कार्रवाई की। दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक भीषण गोलीबारी हुई।
इस मुठभेड़ में कोंटा एरिया कमेटी का सचिव और 8 लाख रुपये का इनामी माओवादी वेट्टी मुका उर्फ मंगडू भी मारा गया।
40 वर्षीय मंगडू सुकमा जिले के गोगुड़ा गांव का निवासी था और कई बड़े नक्सली हमलों में शामिल रहा था। उसके पास से AK-47 जैसे आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि हुई है।
इसके अलावा, इस ऑपरेशन में खूंखार माओवादी एसीएम हितेश भी ढेर कर दिया गया, जो 9 जून को कोंटा के पास हुए IED ब्लास्ट का मास्टरमाइंड था। इसी हमले में तत्कालीन ASP आकाश राव गिरपुंजे शहीद हुए थे। सुरक्षाबलों ने इस कार्रवाई को ASP आकाश की शहादत का बदला बताया है।
मुठभेड़ स्थल से AK-47 और इंसास राइफल सहित अन्य हथियार बरामद किए गए हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
COMMENTS