बरेली–फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल के निधन पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। शनिवार को उनकी अंतिम यात्रा बरेली के शक्तिनगर कॉलोनी स्थित आवास से दोपहर करीब 12 बजे राजकीय सम्मान के साथ निकाली गई। अंतिम दर्शन के लिए बरेली से फरीदपुर तक हजारों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर आंख नम थी और माहौल गमगीन हो गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बरेली पहुंचे और दिवंगत विधायक को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर ढाढ़स बंधाया। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक आवास पर रुके, इसके बाद लखनऊ के लिए रवाना हो गए। उनके साथ मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों ने भी श्रद्धांजलि दी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को हार्ट अटैक से प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल का निधन हो गया था। उनके निधन से राजनीति से लेकर आम जनमानस तक गहरा शोक व्याप्त है। शनिवार को उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे में लपेटकर फरीदपुर के लिए रवाना किया गया। जैसे ही अंतिम यात्रा निकली, लोगों की आंखों से आंसू छलक पड़े।

दिवंगत विधायक का पार्थिव शरीर वाहन में रखकर फरीदपुर ले जाया गया। रास्ते में नकटिया, नरियावल सहित कई स्थानों पर लोगों ने वाहन रुकवाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। फरीदपुर नगर में विधायक कार्यालय पर पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां सुबह से ही हजारों लोग मौजूद थे। व्यापारियों, भाजपा पदाधिकारियों और क्षेत्रवासियों ने नमन किया।
अंतिम यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ नजर आई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र जनपद के सभी सर्किलों के पुलिस क्षेत्राधिकारी, पुलिस बल और पीएसी को विधायक कार्यालय से लेकर श्मशान भूमि तक तैनात किया गया। फूलों से सजे स्वर्ग वाहन के पीछे पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों और राजनेताओं का लंबा काफिला चलता रहा। जहां-जहां से यात्रा गुजरी, लोग वहीं खड़े होकर अपने लोकप्रिय विधायक को अंतिम प्रणाम करते रहे।
COMMENTS