गाजियाबाद के लोनी में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सोमवार सुबह दो ट्रकों की भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले लोनी के 50 सैय्या संयुक्त चिकित्सालय और बाद में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया।
गाजियाबाद के लोनी इलाके में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर गढ़ी कटैया अंडरपास के पास दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बन गई।
यह हादसा ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में सोमवार अल सुबह हुआ। जानकारी के अनुसार, एक ट्रक सीमेंट से लदा हुआ था और वह राम पार्क की ओर क्रॉस करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान दिल्ली के खजूरी इलाके की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा एक दूसरा ट्रक, जो ईंट उतारकर लौट रहा था, अचानक सामने आ गया और दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उसमें बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना में कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने घायलों को तुरंत लोनी के 50 सैय्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान जावेद (23) निवासी पावी सादिकपुर और लोकेश (38) निवासी गंगावली, बुलंदशहर के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया।

COMMENTS