सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में 250 शैय्या वाले लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर, ‘सेंटर फॉर रूरल हेल्थ’ और एलोपैथी-आयुष समन्वित चिकित्सा इकाई की स्थापना का निर्णय, आपात चिकित्सा सेवाओं को मिलेगा नया आयाम।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई (इटावा) में 250 शैय्या वाले लेवल-1 ट्रॉमा सेंटर की स्थापना के निर्देश दिए हैं। यह अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के समीप बनाया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य आपात स्थितियों में घायलों को त्वरित और उच्चस्तरीय उपचार मिल सके। वर्तमान में एक्सप्रेस-वे विश्वविद्यालय परिसर से लगभग 10 किलोमीटर दूर है, जिससे उपचार में बहुमूल्य समय नष्ट होता है। प्रस्तावित ट्रॉमा सेंटर का संचालन स्वयं विश्वविद्यालय करेगा।

बतौर कुलाधिपति बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की दूसरी बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को पश्चिमी एवं मध्य उत्तर प्रदेश का प्रमुख चिकित्सा, शिक्षण और शोध केंद्र बनाने पर जोर दिया। उन्होंने ‘सेंटर फॉर रूरल हेल्थ’ की स्थापना के निर्देश देते हुए टेली-ओपीडी, वर्चुअल ओपीडी, डिजिटल डेटा एकीकरण और मोबाइल आउटरीच सेवाओं को कार्ययोजना में शामिल करने को कहा।
बैठक में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और चिकित्सा अनुसंधान को नई दिशा देने के निर्णय लिए गए। मुख्यमंत्री ने देश के अग्रणी संस्थानों की बेस्ट प्रैक्टिसेज अपनाने तथा हब-एंड-स्पोक मॉडल लागू करने पर बल दिया।

साथ ही एलोपैथी एवं आयुष पद्धतियों के समन्वय से इंटीग्रेटिव मेडिसिन यूनिट स्थापित करने का निर्णय हुआ, जिसमें इंटीग्रेटिव ओपीडी, विशेष क्लीनिक, योग एवं वेलनेस इकाई शामिल होंगी। स्वास्थ्य जागरूकता के लिए कम्युनिटी ब्रॉडकास्ट सर्विस भी शुरू की जाएगी, जो रोग-निवारण, सरकारी योजनाओं और शैक्षणिक सामग्री का प्रसारण करेगी।
COMMENTS