उत्तर प्रदेश जल शक्ति मंत्री ने उदयगंज में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल सिंचाई भवन और LCMIS पोर्टल का उद्घाटन किया; भवन से विभागीय कार्यकुशलता और विकास में तेजी आएगी।
उत्तर प्रदेश के जल शक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह ने आज उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग मुख्यालय में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल सिंचाई भवन का भव्य उद्घाटन किया। इस अवसर पर जलशक्ति राज्यमंत्री श्री राकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग श्री अनिल गर्ग, प्रमुख अभियन्ता एवं विभागाध्यक्ष इं0 संदीप कुमार, प्रमुख अभियन्ता परिकल्प एवं नियोजन इं0 अशोक कुमार सिंह, मुख्य अभियन्ता, अधीक्षण अभियन्ता, अन्य अभियन्ता एवं विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए मंत्री ने कहा कि यह भवन विभाग की कार्यक्षमता को और अधिक सुव्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान करेगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस भवन में बेसमेंट एवं भूतल पर वाहनों की पार्किंग, तथा प्रथम तल से चतुर्थ तल तक लगभग 600 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। भवन में अधिकारियों की समीक्षा बैठक एवं अन्य मीटिंगों के लिए विशेष हॉल भी निर्मित हैं।

जलशक्ति मंत्री ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग से संबंधित कोर्ट केसेज के ऑनलाइन अनुश्रवण हेतु LCMIS पोर्टल का भी उद्घाटन किया। यह पोर्टल कोर्ट केसेज एवं आर्बिट्रेशन प्रकरणों को डिजिटल कर उनका तत्क्षण अनुश्रवण, पारदर्शिता एवं त्वरित प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। इसके माध्यम से मासिक एवं अन्य रिपोर्टें स्वजनित होंगी, जिससे कागज और स्थान की भी बचत होगी।
मंत्री ने कहा कि यह भवन और पोर्टल दोनों ही विभाग की जनहितकारी योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध होंगे।
COMMENTS