मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद में 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार विकास, विरासत और सुशासन की पहचान बन चुकी है, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश को माफियावाद और अराजकता की ओर धकेला था।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिरोजाबाद दौरे के दौरान विकास परियोजनाओं के मंच से न केवल जिले को 658 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात दी, बल्कि प्रदेश की राजनीति, विकास मॉडल और कानून व्यवस्था को लेकर भी बड़ा संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश विकास, निवेश, कानून व्यवस्था और सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जा रहा है, जबकि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश की पहचान माफिया, दंगों और अराजकता से होती थी।
मुख्यमंत्री ने जिले में 658 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 81 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें टुंडला क्षेत्र की लगभग 452 करोड़ रुपये तथा शिकोहाबाद क्षेत्र की 206 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। इस अवसर पर उन्होंने बाबा नीम करोली की जन्मस्थली की धरती से जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के पीछे स्थानीय जनप्रतिनिधियों का निरंतर प्रयास और जनता का विश्वास है।\

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उनके एजेंडे में कभी विकास नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों का ध्यान समाज को बांटने, सामाजिक एकता को कमजोर करने, गुंडागर्दी और माफियावाद को बढ़ावा देने तथा विकास कार्यों में बाधा डालने पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय उत्सव का माहौल बिगाड़ना भी उनकी राजनीति का हिस्सा था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां डबल इंजन सरकार ‘एक जिला-एक उत्पाद’, ‘एक जिला-एक कुजीन’ और ‘एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज’ जैसी योजनाएं दे रही है, वहीं पहले की सरकारें ‘एक जिला-एक माफिया’ की पहचान बना चुकी थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में जिले-दर-जिले माफिया खुलेआम भूमि कब्जाने, व्यापारियों से रंगदारी वसूलने और भय का वातावरण बनाने का काम करते थे। आज उत्तर प्रदेश माफिया, गुंडागर्दी और दंगों से मुक्त होकर निवेश और विकास की नई मिसाल बन रहा है।

मुख्यमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले गरीबों को आवास, स्वास्थ्य, शौचालय, गैस कनेक्शन और अन्य मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलती थीं। आज सरकार 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 10 करोड़ नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, 65 लाख परिवारों को आवास, दो करोड़ परिवारों को उज्ज्वला गैस कनेक्शन और लगभग डेढ़ करोड़ परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध करा चुकी है। साथ ही 16 लाख किसानों के निजी ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ कर उन्हें राहत दी गई है।
फिरोजाबाद के प्रसिद्ध ग्लास उद्योग का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उद्योग अब स्थानीय स्तर से निकलकर वैश्विक पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि एक समय त्योहारों और मांगलिक अवसरों पर बाजारों में चीनी उत्पादों का दबदबा रहता था, लेकिन आज फिरोजाबाद के कारीगरों की कला और नवाचार ने उस स्थिति को बदल दिया है। अब गणपति, राम दरबार, राधा-कृष्ण, भगवान शिव और महात्मा बुद्ध की आकर्षक कांच की प्रतिमाएं देशभर में पसंद की जा रही हैं और उपहार के रूप में दी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब विदेशी राष्ट्राध्यक्षों को उत्तर प्रदेश के ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के तहत निर्मित उत्पाद भेंट करते हैं, तब पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ता है। मुख्यमंत्री ने इसे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों की मेहनत का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री ने फिरोजाबाद के उद्यमियों को राहत देने के लिए उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर चिंता व्यक्त की थी। इसके बाद सरकार ने अनावश्यक छापेमारी पर रोक लगाई, उद्योगों को नई तकनीक उपलब्ध कराई और गैस आपूर्ति को सुनिश्चित किया। आज कई उद्योग बिजली आधारित आधुनिक भट्टियों और सौर ऊर्जा के उपयोग की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि लोकमाता की प्रतिमा जिले को नई पहचान दे रही है और लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की प्रेरणा प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि देशभर में अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती को भव्य रूप से मनाया गया और सरकार ने विभिन्न स्थानों पर उनकी प्रतिमाएं स्थापित कर उनके योगदान को सम्मान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की नई कार्यसंस्कृति का सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि अब लोगों को सरकारी कार्यालयों में बाबुओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने कहा, “हमारी नीयत साफ है, इसलिए नीति और नियंता भी मार्ग प्रशस्त करते हैं।” यही कारण है कि प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अयोध्या में भव्य राम मंदिर, वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम, महाकुंभ, मथुरा-वृंदावन के विकास, बेहतर कानून व्यवस्था और आधुनिक आधारभूत संरचना के लिए पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, महापौर कामिनी राठौर, विधायक मनीष असीजा, प्रेमपाल सिंह धनगर, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष हर्षिता सुमित प्रताप सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर, जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह तथा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
COMMENTS