सिंगापुर दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन से मुलाकात कर उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। 500-500 करोड़ के प्रस्तावित निवेश समेत कई क्षेत्रों में सहयोग पर बनी सहमति।
उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सिंगापुर दौरे के पहले दिन विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ अहम बैठकें कीं। इस कूटनीतिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण दौरे की शुरुआत सिंगापुर की अग्रणी निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम से मुलाकात के साथ हुई।
बैठक में टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और उत्तर प्रदेश में संभावित निवेश अवसरों पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य सेवाएं, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास तथा अन्य संबद्ध क्षेत्रों में निवेश का औपचारिक आमंत्रण दिया।
500-500 करोड़ के निवेश की जानकारी साझा
बैठक के दौरान टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी Manipal Hospitals द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त Ascendas द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास हेतु करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव भी सामने आया। इन निवेशों को प्रदेश की स्वास्थ्य और औद्योगिक अवसंरचना को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
डेटा सेंटर और स्किल डेवलपमेंट पर बनी सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर, कौशल विकास और तकनीकी अवसंरचना जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशने पर सहमति व्यक्त की। यह पहल प्रदेश में भविष्य उन्मुख औद्योगिक ढांचा तैयार करने और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन में सहायक साबित हो सकती है।

COMMENTS