
लखनऊ, 27 सितंबर 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशन में ‘समर्थ उत्तर प्रदेश-विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ अभियान के तहत प्रदेश के 75 जिलों में नोडल अधिकारी और प्रबुद्धजन आम जनता से संवाद कर रहे हैं। अब तक इस अभियान में 11 लाख सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से लगभग 8.5 लाख ग्रामीण क्षेत्रों से और 2.5 लाख शहरी क्षेत्रों से आए।
सबसे अधिक सुझाव शिक्षा, कृषि, ग्रामीण एवं शहरी विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, आईटी-टेक्नोलॉजी, उद्योग और सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में मिले। महाराजगंज, संभल, कानपुर देहात, सोनभद्र और गोरखपुर जिले सबसे सक्रिय रहे।विशेष सुझावों में बलिया की आराध्या सिंह ने प्रदेश के टियर-2 शहरों में IT हब बनाने का प्रस्ताव रखा, जिससे रोजगार सृजन हो। भदोही के विवेक मौर्य ने कृषि आधारित उद्योगों की स्थापना की मांग की। महाराजगंज के महेश सहानी ने ‘आदर्श मत्स्य पालन ग्राम’ की योजना प्रस्तुत की, जिसमें आधुनिक सुविधाएं, झींगा प्रसंस्करण और जल गुणवत्ता प्रयोगशालाएं शामिल होंगी।
प्रदेश सरकार इन सुझावों का विश्लेषण कर ‘विकसित उत्तर प्रदेश 2047’ का विजन डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। इस अभियान से जनता को सीधे योजना निर्माण में शामिल करने और भविष्य की नीतियों को जन-आधारित बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
COMMENTS