अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने लखनऊ स्थित पराग फैक्ट्री में श्रमिकों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने की सबसे मजबूत नींव श्रमिक हैं। मंत्री ने पराग उत्पादों की गुणवत्ता, मार्केटिंग और नए उत्पाद लॉन्च करने के निर्देश भी दिए।
अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित चक गंजरिया की पराग फैक्ट्री में श्रमिकों के सम्मान का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह ने श्रमिकों को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के लक्ष्य की असली आधारशिला श्रमिक हैं। उनके बिना किसी भी राज्य या देश की अर्थव्यवस्था मजबूत नहीं हो सकती।
कार्यक्रम में मंत्री ने फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों और श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए उनके साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पराग को परिवार की तरह मानकर प्रेम, सद्भाव और उत्साह के साथ काम करने की अपील की।
श्रमिकों के परिश्रम से नई ऊंचाइयों पर पहुंच रहा दुग्ध क्षेत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक और दुग्ध विकास में श्रमिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और समर्पण के कारण ही उत्पादन में लगातार वृद्धि संभव हो रही है।

मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की दुग्ध उत्पादन क्षमता को और बढ़ाने की जिम्मेदारी हम सभी की है। आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल और श्रमिकों की दक्षता में सुधार से दुग्ध उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। इससे न सिर्फ प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी बल्कि किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि ‘पराग’ ब्रांड ने उत्तर प्रदेश को दुग्ध क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है और इसकी सफलता में श्रमिकों की मेहनत सबसे बड़ा योगदान है। श्रमिकों के अथक प्रयासों से पराग उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ रही है, जिसकी वजह से प्रदेश के डेयरी उत्पाद देशभर में अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं।
पराग प्लांट का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मंत्री धर्मपाल सिंह ने पराग प्लांट का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दुग्ध प्लांट पूरी क्षमता और पेशेवर तरीके से संचालित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि पराग उत्पादों की मार्केटिंग को और मजबूत बनाया जाए तथा नए उत्पाद जल्द बाजार में उतारे जाएं। इसके साथ ही गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।

मंत्री ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि दूध में किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर गड़बड़ी पाई गई तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया, मशीनरी की कार्यक्षमता और स्टाफ व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को उचित मूल्य और उपभोक्ताओं को शुद्ध दूध उपलब्ध कराना है।
श्रमिक किसी भी संस्था की रीढ़: अपर मुख्य सचिव
इस अवसर पर पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके श्रमिकों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि श्रमिक किसी भी उत्पादन प्रणाली की रीढ़ होते हैं और उनके बिना विकास संभव नहीं है।
उन्होंने बताया कि विभाग श्रमिकों के कौशल विकास, कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। श्रमिकों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण देना सरकार की प्राथमिकता है।

कर्मचारियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में पराग के प्रबंध निदेशक वैभव श्रीवास्तव सहित फैक्ट्री प्रबंधन और अन्य अधिकारियों ने भी श्रमिकों को श्रमिक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रमिक और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मनोज मौर्य, हरीश दुबे, अभिषेक सिंह, राम बक्श, सोनू सिंह, विजय कुमार, हर्ष पांडे, मनोज कुमार सिंह, भगवती प्रसाद और बृजलाल यादव सहित कई कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में श्री इन्द्रभूषण सहित विभाग और फैक्ट्री के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
COMMENTS