द्वारका में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में युवक की मौत। नाबालिग आरोपी के पिता ने माफी मांगी, मां ने ठुकराई—चार्जशीट का इंतजार।
राजधानी के Dwarka इलाके में एक नाबालिग की ‘रील’ बनाने की सनक ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर में साहिल धनेश्रा की जान चली गई। इस हादसे के बाद उनकी मां इन्ना माकन का दर्द पूरे मामले का सबसे मार्मिक पहलू बनकर सामने आया है।

रुंधे गले से उन्होंने सवाल किया, “अगर यही हादसा उनके बच्चे के साथ होता, तो क्या वे माफी स्वीकार कर पाते?” उन्होंने कहा कि आरोपी पक्ष अब रील्स को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है, जबकि हकीकत यह है कि इस लापरवाही ने एक मां का सहारा छीन लिया।
“मेरी दुनिया उनकी माफी से वापस नहीं आ सकती… न मेरे लिए सुबह बची है, न शाम… न काम पर जाने की वजह, न उठने का कारण। क्या मेरी जिंदगी कभी सामान्य हो पाएगी? पूरी चार्जशीट आने तक मैं कुछ नहीं कह सकती,” उन्होंने कहा।

इस बीच आरोपी के पिता नरेंद्र सिंह ने बातचीत में बताया कि 3 फरवरी को हादसे के समय वे उत्तर प्रदेश के Kushinagar में थे। 31 जनवरी को वे बिजनेस कार्य से गोरखपुर के पास कुशीनगर गए थे। 3 फरवरी को उनकी पत्नी को फोन पर हादसे की सूचना मिली।
नरेंद्र सिंह के अनुसार, उन्होंने पत्नी से कहा कि जिस बाइक सवार को टक्कर लगी है, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया जाए। उन्होंने तुरंत फ्लाइट टिकट बुक किया और शाम 6 बजे दिल्ली पहुंचकर सीधे थाने गए, जहां पुलिस ने पूरी जानकारी दी।

उन्होंने यह भी दावा किया कि थाने में साहिल के परिचित उन्हें धमका रहे थे, हालांकि उन्होंने कहा, “मुझे उस बच्चे की मौत का बेहद अफसोस है।”
मगर एक मां के लिए ‘माफी’ शब्द जख्म को और गहरा कर गया। इन्ना माकन ने कहा, “किस बात की माफी? क्या इसलिए क्योंकि मामला मीडिया में आ गया है? मैं उनकी माफी स्वीकार न करने के लिए माफी चाहती हूं।”
COMMENTS