सेक्टर-107 में वैलेंटाइन डे के दिन कार के अंदर मिले सुमित और रेखा के शवों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। दोनों की मौत सिर में नजदीक से मारी गई गोली से हुई। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
नोएडा कार में मिली कपल की लाश, कैसे हुई दोनों की मौत? पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने किया साफ
एनसीआर के नोएडा में वैलेंटाइन डे के दिन सामने आई डबल डेथ मिस्ट्री ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-107 स्थित लोटस 300 सोसायटी के पीछे सलारपुर रोड पर 14 फरवरी को एक सफेद रंग की आल्टरोज कार के अंदर युवक-युवती के शव मिले थे। कार अंदर से लॉक थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शीशा तोड़कर दोनों शव बाहर निकाले।
मृतकों की पहचान सुमित और रेखा के रूप में हुई। दोनों शुक्रवार शाम से लापता थे। जांच में सामने आया कि घटना से एक दिन पहले शुक्रवार शाम करीब 6:15 बजे दोनों की मुलाकात इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन पर हुई थी। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला।

पुलिस जांच में दोनों के मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर मिले। रिश्तेदारों के मुताबिक शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे रेखा का फोन बंद हो गया था।
सबसे अहम खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों की मौत बुलेट इंजरी से हुई। दोनों के सिर में बेहद नजदीक से सटाकर गोली मारी गई थी और गोली सिर के अंदर ही फंस गई थी, जिससे उनकी मौत हो गई। सुमित के हाथ में एक बंदूक भी बरामद हुई थी।
सुमित के पिता ने इसे हत्या बताया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में मर्डर-सुसाइड की आशंका जता रही है। फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। रविवार दोपहर दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मामले की जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है।
COMMENTS