दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राशिद केबल वाला और हाशिम बाबा गैंग के छह सक्रिय शूटरों और गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 10 अवैध हथियार और 81 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी दिल्ली में गैंगवार और वसूली की घटनाओं को अंजाम देने की साजिश रच रहे थे। जांच में खुलासा हुआ है कि गैंग के सदस्य ‘सिग्नल ऐप’ के जरिए दुबई में बैठे राशिद केबल वाला के संपर्क में थे।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राशिद केबल वाला और हाशिम बाबा गैंग के छह सक्रिय शूटरों और गुर्गों को गिरफ्तार किया है। ‘ऑपरेशन गैंग बस्ट 2.0’ के तहत की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी राजधानी में अपने प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों की हत्या और रंगदारी जैसी वारदातों की तैयारी कर रहे थे।
क्राइम ब्रांच की वेस्टर्न रेंज-1 टीम ने इंस्पेक्टर प्रकाश चंद के नेतृत्व में यह ऑपरेशन अंजाम दिया। पूरी कार्रवाई एसीपी राज कुमार की निगरानी और डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदोरा के निर्देशन में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैज कुरैशी, माज, नवाजिश, अफाक, इमरान उर्फ टेली और अरशद उर्फ छोटा के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिल्ली के बाबरपुर, कबीर नगर और ब्रह्मपुरी इलाके के रहने वाले हैं और पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट के मामलों में शामिल रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 10 अवैध हथियार और 81 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इनमें 9 अत्याधुनिक पिस्टल, जिनमें दो इटली निर्मित बेरेटा पिस्टल भी शामिल हैं, तथा एक .312 बोर राइफल/डोगा शामिल है। इसके अलावा 77 कारतूस .30 और .32 बोर के तथा चार कारतूस .312 बोर के बरामद किए गए हैं। हथियारों से भरी एक मारुति बलेनो कार भी पुलिस ने जब्त की है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार यह कार्रवाई 6 मई 2026 को मिली एक खुफिया सूचना के आधार पर शुरू की गई। पुलिस को जानकारी मिली थी कि राशिद केबल वाला और हाशिम बाबा गैंग से जुड़े कई अपराधी करोल बाग स्थित एफ-बार एंड लाउंज में इकट्ठा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी।
चूंकि क्लब के अंदर भारी भीड़ थी और सार्वजनिक सुरक्षा का मुद्दा था, इसलिए पुलिस ने बाहर से निगरानी रखी। सुबह करीब 4 बजकर 5 मिनट पर चार संदिग्ध क्लब से बाहर निकले। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चारों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनकी कार से चार अवैध पिस्टल और 32 जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इसके बाद आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू की गई। पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने दो और गैंग सदस्यों अरशद उर्फ छोटा और इमरान उर्फ टेली को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से भी अवैध हथियार बरामद किए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपी दुबई में बैठे कुख्यात गैंगस्टर राशिद केबल वाला के सीधे संपर्क में थे। गैंग के सदस्य ‘सिग्नल ऐप’ के जरिए उससे बातचीत करते थे। पुलिस के अनुसार राशिद केबल वाला फिलहाल दुबई से गैंग का संचालन कर रहा है, जबकि उसका करीबी सहयोगी हाशिम बाबा तिहाड़ जेल में बंद है।

राशिद केबल वाला का नाम दिल्ली के कई चर्चित हत्याकांडों में सामने आ चुका है। वह 2024 में ग्रेटर कैलाश में कारोबारी नादिर शाह की हत्या, ईस्ट दिल्ली में डबल मर्डर और कृष्णा नगर में व्यापारी सुनील जैन हत्याकांड में आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ पहले भी मकोका लगाया जा चुका है और वह दिल्ली पुलिस के मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल है।
गिरफ्तार आरोपी नवाजिश को गैंग का हथियार प्रबंधक माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार उसी की निशानदेही पर पांच हथियार और 53 कारतूस बरामद किए गए। जांच में यह भी पता चला कि गैंग स्थानीय किशोरों को हथियार देकर अपने नेटवर्क में शामिल करने की कोशिश कर रहा था।
आरोपी माज ने पूछताछ में बताया कि उसके कई रिश्तेदार पहले से ही मकोका मामलों में जेल में बंद हैं। वहीं इमरान उर्फ टेली पर हत्या, हत्या के प्रयास और 2020 दिल्ली दंगों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। फैज कुरैशी और अफाक पर भी फायरिंग और गैंगवार से जुड़े मामलों में पहले केस दर्ज हो चुके हैं।
दिल्ली पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई राजधानी में संभावित गैंगवार को रोकने में बड़ी सफलता है। आरोपी प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्यों को निशाना बनाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस अब हथियार सप्लाई चेन और गैंग के बाकी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
क्राइम ब्रांच का मानना है कि इस कार्रवाई से राशिद केबल वाला और हाशिम बाबा गैंग की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है। पुलिस का कहना है कि राजधानी में संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
COMMENTS