लखनऊ के BBAU में Youth Fest के तहत रेड रन उत्तर प्रदेश-2026 का आयोजन हुआ। 70 जिलों के प्रतिभागियों ने HIV/AIDS जागरूकता और फिटनेस का संदेश दिया।
भारत सरकार के Youth Fest कार्यक्रम के तहत बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (BBAU), लखनऊ और उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को राज्यस्तरीय मैराथन ‘रेड रन उत्तर प्रदेश-2026’ का आयोजन किया गया।
विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं और आमजन में HIV/AIDS के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली और फिटनेस को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सभी 70 जिलों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में जीत हासिल करने वाले प्रतिभागियों ने राज्यस्तरीय मैराथन में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कुलपति ने किया फ्लैग ऑफ
कार्यक्रम का शुभारंभ BBAU के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने फ्लैग ऑफ कर किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं में जागरूकता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
उन्होंने युवाओं से अनुशासन, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण की आधारशिला है।

यह आयोजन उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की प्रोजेक्ट डायरेक्टर एवं IAS अधिकारी अमृता सोनी के निर्देशन में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सोसाइटी के संयुक्त निदेशक डॉ. संजय सोलंकी और दिनेश प्रताप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। प्रसिद्ध एथलीट अंजली चौरसिया, सेवानिवृत्त हॉकी खिलाड़ी प्रवीण सिंह और छह बार के नेशनल चैंपियन एथलीट भुवन सिंह ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
विश्वविद्यालय की ओर से कार्यक्रम संयोजक प्रो. पवन कुमार चौरसिया ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
70 जिलों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
‘रेड रन उत्तर प्रदेश-2026’ में प्रदेश के सभी 70 जिलों के प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इसके अलावा प्रदेश के 18 मंडलों की एड्स सोसायटी के प्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रतिनिधियों को मेडल, स्मृति-चिह्न और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं आयोजन समिति, मीडिया, स्वयंसेवकों और प्रायोजकों के प्रतिनिधियों को मेमेंटो एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए।
10 किलोमीटर दौड़ में इन खिलाड़ियों ने मारी बाजी
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की 10 किलोमीटर महिला श्रेणी में वाराणसी की सोनी देवी ने पहला स्थान हासिल किया। वाराणसी की ही लक्ष्मी दूसरे और अर्चना यादव तीसरे स्थान पर रहीं। बरेली की सोनी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
पुरुष वर्ग में देवरिया के अभिषेक वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मऊ के विद्यासागर दूसरे और वाराणसी के आयुष पाल सिंह तीसरे स्थान पर रहे। अलीगढ़ के सुनील कुमार को सांत्वना पुरस्कार मिला।

5 किलोमीटर दौड़ में BBAU की छात्राओं का दबदबा
5 किलोमीटर महिला वर्ग में BBAU की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया।
- संजना देवी — प्रथम, स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन साइंस एंड टेक्नोलॉजी
- बिनता देवी — द्वितीय, राजनीति विज्ञान विभाग
- भूमिका बंजारा — तृतीय, UIET
- प्रज्ञा — सांत्वना पुरस्कार
वहीं पुरुष वर्ग में SVM के रजनीश कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। BBD लखनऊ के रवि यादव दूसरे और इसी विश्वविद्यालय के अतुल सिंह तीसरे स्थान पर रहे। स्पोर्ट्स कॉलेज के सावंत कुमार को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
विजेताओं को मिला नकद पुरस्कार
उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी की ओर से विजेताओं को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक के साथ नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
- प्रथम पुरस्कार — ₹12,000
- द्वितीय पुरस्कार — ₹10,000
- तृतीय पुरस्कार — ₹8,000
- सांत्वना पुरस्कार — ₹5,000

इसके अलावा मैराथन में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
जुंबा, संगीत और पौधरोपण ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में प्रतिभागियों के लिए जुंबा सेशन का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। बैंड की संगीत प्रस्तुति ने आयोजन के माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।
इसके साथ ही आयोजन समिति की ओर से वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया। इसके माध्यम से प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के पवन चंदेल, अतुल दीक्षित, नरेन्द्र सिंह और अजय शुक्ला सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
BBAU की ओर से प्रो. धीरेन्द्र पाण्डेय, प्रो. राजश्री, डॉ. मनोज डडवाल, डॉ. रवि शंकर वर्मा, डॉ. सुदर्शन चक्रधारी, डॉ. अर्पित शैलेश, डॉ. मंगलदीप गुप्ता, डॉ. अभिषेक वर्मा और डॉ. नीतेश वर्मा सहित शिक्षक, विद्यार्थी और प्रतिभागी उपस्थित रहे।
COMMENTS