ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित UPITS 2026 के समापन समारोह में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि ट्रेड शो उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और बुनकरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का मजबूत मंच बन चुका है।

ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 (UPITS 4.0) का समापन समारोह संपन्न हुआ। समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ मुख्य अतिथि केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए शामिल हुए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री नंदी ने कहा कि UPITS 4.0 ने उत्तर प्रदेश को आर्थिक प्रगति, तकनीकी विकास, सांस्कृतिक विरासत, निवेश, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का काम किया है। उन्होंने UPITS-2026 को प्रदेश की नई आर्थिक पहचान और क्षमता का उत्सव बताया।
घरेलू बाजार से ग्लोबल मार्केट तक पहुंचा यूपी का हुनर
नंदी ने कहा कि चार वर्ष पहले डबल इंजन सरकार ने जिस संकल्प के साथ उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो की शुरुआत की थी, उसका उद्देश्य प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और बुनकरों के उत्पादों को घरेलू बाजार से आगे वैश्विक बाजार तक पहुंचाना था।
उन्होंने कहा कि आज UPITS प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और बुनकरों के लिए ऐसा मंच बन चुका है, जहां उन्हें देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपने उत्पाद और क्षमताएं प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
इस वर्ष ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शकों और 90 देशों के 600 से अधिक विदेशी खरीदारों की भागीदारी का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और कारोबारी क्षमता में बढ़ती वैश्विक रुचि को दर्शाता है।

कई देशों की भागीदारी ने बढ़ाया अंतरराष्ट्रीय दायरा
UPITS 2026 में जापान, रूस, वियतनाम, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और बेलारूस जैसे देशों की पार्टनर कंट्री के रूप में सहभागिता भी रही। मंत्री नंदी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय भागीदारी यह संकेत देती है कि उत्तर प्रदेश वैश्विक कारोबार के लिए एक महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश की विविध सांस्कृतिक और औद्योगिक विरासत एक ही मंच पर देखने को मिली। बनारस की साड़ी, मुरादाबाद का पीतल, भदोही के कालीन और लखनऊ की चिकनकारी समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों की शिल्प एवं उद्यमिता परंपरा ने वैश्विक मंच पर अपनी पहचान प्रस्तुत की।
विरासत को आधुनिक तकनीक और ब्रांडिंग से जोड़ने पर जोर
औद्योगिक विकास मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पारंपरिक कला और शिल्प को संरक्षित करने के साथ उन्हें आधुनिक बाजार, तकनीक और ब्रांडिंग से जोड़ना जरूरी है। उनके अनुसार, इसी दिशा में राज्य सरकार तेजी से काम कर रही है।
नंदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लोकल को ग्लोबल’ बनाने के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश के माहौल का किया उल्लेख
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, एक्सप्रेसवे, एयर कनेक्टिविटी और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है। इससे उद्योग और व्यापार के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था में MSME, मैन्युफैक्चरिंग, कृषि आधारित उद्योग, हस्तशिल्प और निर्यात की महत्वपूर्ण भूमिका है।
मंत्री नंदी के अनुसार, UPITS इसी औद्योगिक और उद्यमशील क्षमता को देश और दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का मजबूत माध्यम बन रहा है। ट्रेड शो के जरिए उत्तर प्रदेश के स्थानीय हुनर, उत्पादों और उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की कोशिश को आगे बढ़ाया जा रहा है।
COMMENTS