भारतीय रेलवे ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत नई दिल्ली में वॉकथॉन आयोजित किया। लगभग 100 अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने और उनके आदर्शों को जीवंत रखने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे द्वारा “स्वच्छता ही सेवा” अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक “स्वच्छोत्सव” थीम पर आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को नई दिल्ली के स्टेट एंट्री रोड से एक विशेष वॉकथॉन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लगभग 100 रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने स्टेट एंट्री रोड से कनॉट प्लेस तक और वापस वॉकथॉन करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर रेलवे अधिकारियों ने कहा कि “स्वच्छता ही सेवा” महज एक अभियान नहीं, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा है जिसे हर नागरिक को अपनाना चाहिए। उनका मानना है कि यदि समाज का हर वर्ग अपने आसपास की स्वच्छता को सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी ले, तो भारत को ‘स्वच्छ भारत’ बनाने का सपना शीघ्र ही साकार हो सकता है।

यह वॉकथॉन न केवल रेलवे परिवार के लिए बल्कि आम नागरिकों के लिए भी प्रेरणा बनी। अभियान का उद्देश्य लोगों में जागरूकता पैदा करना है ताकि वे सार्वजनिक स्थलों और अपने आस-पास को साफ-सुथरा रखने में सक्रिय भागीदारी निभाएं। महात्मा गांधी की जयंती से पहले इस पहल को एक महत्वपूर्ण सामाजिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
COMMENTS