उत्तर रेलवे महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने आलमनगर–रोजा रेलखंड का गहन निरीक्षण किया; काकोरी शहीद पार्क में श्रद्धांजलि और 121 किमी/घंटा की सफल स्पीड ट्रायल रेलखंड की क्षमता का प्रमाण।
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने आज मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत आने वाले आलमनगर से रोजा रेलखंड का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक मुरादाबाद श्रीमती विनीता श्रीवास्तव एवं मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य रेल परिचालन की सुरक्षा, गुणवत्ता और यात्री सुविधाओं का जायजा लेना तथा उन्हें और अधिक सुदृढ़ बनाना था।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने आलमनगर, काकोरी, मलिहाबाद, संडीला, बालामऊ, हरदोई और रोजा सहित विभिन्न स्टेशनों, यार्डों और रेल कॉलोनियों का विस्तृत निरीक्षण किया। विशेष रूप से काकोरी स्टेशन पर शहीद पार्क का दौरा कर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में स्टेशन के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

बालामऊ स्टेशन में नई क्रू लॉबी और स्वास्थ्य इकाई का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा महाप्रबंधक ने रनिंग रूम, लेवल क्रॉसिंग, ब्रिज और ट्रैक कर्व का भी बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चयनित रेलखंड पर 121 किमी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न हुई, जो रेलखंड की मजबूती और परिचालन क्षमता का प्रमाण है।
हरदोई और अन्य स्टेशनों पर गैंग, यूएसएफडी (USFD) और स्मॉल ट्रैक मशीनों का निरीक्षण किया गया। महाप्रबंधक ने ट्रैक सुरक्षा और तकनीकी मानकों पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राउंड स्तर पर तैनात कर्मचारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और आधुनिक परिचालन तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। महाप्रबंधक ने स्पष्ट किया कि रेलवे की प्राथमिकता यात्री सुविधा और संरक्षा है और यह निरीक्षण परिचालन गुणवत्ता को और बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
COMMENTS